सड़कों पर बढ़ती अवैध पार्किंग का यातायात व्यवस्था पर पड़ रहा असर

नीरज कुमार मिश्रा

भोपाल। राजधानी में सड़कें वाहन पार्किंग का स्थान बन गई है. शहर के अलग-अलग सड़क मार्गों पर यह समयस्या इन दिनों आम हो गई है. कार चालकों ने सड़क को ही पार्किंग का अड्डा बना लिया है. वाहन चालकों की इस इस तरह की लापरवाही सड़क पर होने वाले हादसों को दावत दे रही है. शहर में अवैध पार्किंग को लेकर यातायात पुलिस और नगर निगम की चालानी कार्रवाई भी जारी है. इसके बावजूद समस्या का निराकरण नहीं हो पा रहा है.

शहर के एमपीनगर के जोन 1 और 2 में, पीरगेट, जुमेराती, पीएनटी चौराहा, 1100 सौ क्वाटर्स हनुमान मंदिर के पास, त्रिलंगा औरा माल के आस-पास का एरिया, लालघाटी वीवीआईपी रोड़, नेहरू नगर, कोलार तिराहे से जगह-जगह डीमार्ट तक सहित शहर के कई इलाकों में यह समस्या आए दिन देखी जा रही है. इन सड़क मार्गों पर दोपहर बाद से कार चालक अपने वाहनों को मुख्य सड़क पर ही पार्क करते नजर आते हैं. देर रात तक यह सिलसिला बना होता है.

इनका कहना है-

राहगीरों का मामले में कहना है कि कार चालक कहीं भी अपने वाहनों को खड़ा करके अपने निजी काम के लिए चले जाते हैं. कई घंटों तक वाहन मुख्य सड़क पर ही खड़े होने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना हर रोज करना पड़ रहा है.

नेहरू नगर निवासी पल्लवी ने बताया कि उन्हें हर रोज एमपीनगर अपनी आफिस के लिए जाना होता है. इस दौरान कई स्थानों पर मुख्य मार्ग पर ही कार चालक अपने वाहनों को खड़ा करते हैं, जिससे पैदल चलने वालों, दोपहिया वाहन चालकों को भी चलने में समस्या का सामना हर रोज करना पड़ रहा है.

कोलार निवासी अरविंद बाथम ने बताया कि हर रोज 10 नंबर मार्केट आते-जाते समय उन्हें इस समस्या से लगातार परेशान होना पड़ता है. औरा माल के आसपास कई कार चालक हर रोज अपने वाहन मेन रोड़ पर ही खड़े करके चले जाते हैं. इस समस्या के चलते सकरे रास्तों पर ही कार सहित अन्य वाहन चालक बमुश्किल से आवागमन कर पाते हैं, जिससे दुर्घटनाएं होने की आशंका भी बढ़ जाती है.

बाबवडियां कला निवासी सुरेश भूरिया ने बताया कि देर शाम को 11 सौ क्वाटर्स हनुामन मंदिर के सड़क के दोनों ओर वाहन चालक अवैध पार्किंग करते हैं. इसके चलते राहगीर को बहुत ही सावधानी के साथ ही आवागमन करना होता है.

शहर में सड़क पर की जा रही अवैध पार्किंग की समस्या को लेकर यातायात थाने के उपनिरीक्षक देवेनद्र यादव ने कहा कि चालानी कार्रवाई लगातार की जा रही है. वाहन चालकों को लगातार जागरूक भी किया जाता है.

 

Next Post

अंता उपचुनाव में भी सबकी नजरे भजनलाल पर टिकी

Fri Nov 7 , 2025
बारां 07 नवंबर (वार्ता) राजस्थान में बारां जिले में 11 नवंबर को होने वाले अंता विधानसभा उपचुनाव में चुनाव प्रचार पूरा परवान चढ़ा हुआ हैं और सत्तारुढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं मुख्य विपक्ष कांग्रेस एवं अन्य प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार जोरशोर से चल रहा है वहीं पिछले […]

You May Like