सीहोर। विधायक सुदेश राय के मुख्य आतिथ्य में शहर के वैशाली नगर से चाणक्यपुरी तक सीसी सड़क निर्माण कार्य शुभारंभ को लेकर भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में नपा अध्यक्ष विकास प्रिंस राठौर भी सम्मिलित रहे.
अतिथियों का वार्ड पार्षद और पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष सीताराम यादव और नागरिकों के द्वारा पुष्प मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया. कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए विधायक सुदेश राय ने कहा कि वैशाली नगर से चाणक्यपुरी तक पंद्रह सौ मीटर की सीसी सड़क बनाई जाएगी. सड़क बनने से नर्वदेश्वर शिव मंदिर और गोधन सरकार मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानियों से राहत मिलेगी. उन्होंने कहा कि शहर के विकास कार्यों को लेकर पैसे की कोई भी कमी नहीं है. शहर के सभी वार्डों में निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं. शहर के विकास कार्यों में कोई भी कसर नहीं छोड़ेंगे अधिक से अधिक निर्माण कार्य करेंगे और नागरिकों की हर समस्या परेशानियां का समाधान भी कराएंगे. उन्होंने कहा कि आपके वार्ड पार्षद सीताराम यादव नागरिकों के हित में लगातार सक्रिय बने हुए हैं यही कारण है कि आपको 1500 मीटर लंबी सड़क की सौगात मिली है.
कार्यक्रम को नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने भी संबोधित करते हुए कहा कि शहर स्वच्छता में नंबर वन हो गया है और अब नागरिकों के हित में किए जाने वाले निर्माण कार्यों में भी नंबर वन होने जा रहा है. उन्होंने नागरिकों से अपने घर के आसपास साफ- सफाई रखने का भी आव्हान किया. अतिथियों के द्वारा नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत आने वाले वार्ड नंबर नौ में सीसी सड़क निर्माण कार्य के लिए नागरिकों के माध्यम से भूमि पूजन संपन्न कराया गया. इस अवसर पर कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सुरेश सोलंकी एलएन विक्रम यादव विष्णु यादव सहित बड़ी संख्या में वैशाली नगर और चाणक्यपुरी के नागरिक उपस्थित रहे.
