
मुलताई। नगर में 28 अक्टूबर की रात बस स्टैंड पर किसान स्तंभ के पीछे आदित्य पिता राजू टेकाम निवासी खरसाली की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में शामिल पांच आरोपियों में से कुछ की गिरफ्तारी न होने पर आदिवासी संगठनों ने रविवार को मुलताई बंद का आह्वान किया था।
सुबह दुकाने खुली रहीं, लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद आदिवासी संगठनों ने कृषि मंडी के पास से रैली निकालते हुए नारेबाजी की और बाजार बंद कराया। इसके बाद विभिन्न मांगों को लेकर थाना परिसर के सामने धरना शुरू किया गया।
धरने के दौरान आदिवासी नेताओं के साथ समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार और कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भी मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को 1 करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की।
आदिवासी संगठनों ने पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने की मांग पर जोर दिया। शाम 4 बजे एसडीएम राजीव कहार और एसडीओपी एसके सिंह ने आंदोलनकारियों से बातचीत की, लेकिन वे एसपी को बुलाने पर अड़े रहे।
बाद में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी मुलताई पहुंचीं और प्रदर्शनकारियों को बताया कि मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, शेष की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। साथ ही मृतक के परिजनों को राहत राशि दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। एएसपी के आश्वासन के बाद आदिवासी संगठनों ने धरना समाप्त किया।