
मंडला। भगवान विष्णु के आठवें अवतार श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पर्व शनिवार को पूरे जिले में हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। घरों और मंदिरों में श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना की। दिनभर धार्मिक कार्यक्रमों, भजन-कीर्तन और झूला उत्सव से नगर का वातावरण कृष्णमय रहा। शाम होते ही मंदिरों में भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने नन्हें बच्चों को बाल गोपाल का रूप सजाकर आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं। लड्डू गोपाल को झूले में झुलाया गया और पूरे नगर में हरे कृष्ण, जय कन्हैया लाल के जयकारों से गूंजते रहे।
यादव महासभा ने किया अभिषेक
जिला यादव महासभा द्वारा सुबह समाजिक भवन और श्री राधा कृष्ण मंदिर में भगवान का विधि-विधान से अभिषेक व पूजन किया गया। माताओं-बहनों और समाजबंधुओं ने भक्ति भाव से अभिषेक में भाग लिया। भगवान श्रीकृष्ण का आकर्षक श्रृंगार कर उन्हें प्रिय भोग अर्पित किया गया। मंत्रोच्चारण के बीच महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ जन्मोत्सव धूमधाम से संपन्न हुआ।
कलेक्टर ने दिखाई वाहन रैली को हरी झंडी
यादव महासभा मंडला की ओर से दोपहर में विशाल वाहन रैली निकाली गई। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर रैली की शुरुआत की। डीजे और जयकारों के बीच रैली इलाही चौक, कोष्टा, बस स्टैंड, पॉलीटेक्निक, नेहरू स्मारक और महाराजपुर मार्गों से होते हुए नगर में निकाली गई। जगह-जगह स्वागत कर श्रद्धालुओं ने रैली को सफल बनाया। युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समापन यादव भवन में प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
मंदिरों में रहा उपासकों का तांता
नगर के राधा कृष्ण मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ दर्शन-पूजन के लिए उमड़ पड़ी। आकर्षक श्रृंगार और विशेष आरती के बीच उपासकों ने सुख-समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना की। पूरे जिले में जन्माष्टमी का उत्सव आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया।
