
इंदौर. डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस की मुंबई यूनिट ने शनिवार को इंदौर के सियागंज स्थित ओमकार ट्रेडर्स पर छापा मारते हुए करोड़ों के बोगस बिलिंग रैकेट का भंडाफोड़ किया. जांच में सामने आया कि पाकिस्तान से दुबई के रास्ते खारक ड्राई फ्रूट मंगाकर उसे वैध बताने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए थे, मामले में जांच की जा रही है.
सूत्रों के मुताबिक यह कारोबार जून महीने से सक्रिय था, इसी दौरान डीआरआई ने 1115 मीट्रिक टन माल से भरे 39 कंटेनर जब्त किए थे. शुरुआती जांच में करीब 40 करोड़ रुपए के बोगस बिल तैयार कर अवैध रूप से आयात-निर्यात का खेल सामने आया है. डीआरआई अधिकारियों का मानना है कि दुबई के रास्ते पाकिस्तान से खारक मंगवाने का मकसद न केवल टैक्स चोरी करना था, बल्कि इसके जरिए मनी लॉन्ड्रिंग और दूसरे आर्थिक अपराधों की भी आशंका है. छापे के बाद ओमकार ट्रेडर्स से जुड़ी फाइलें, दस्तावेज और कंप्यूटर सील कर जांच के लिए जब्त किए हैं. जांच एजेंसी अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य कारोबारियों और कंपनियों की तलाश कर रही है. शुरुआती अनुमान के मुताबिक यह फर्जीवाड़ा और भी बड़ा हो सकता है.
