तेज रफ्तार ट्रक का कहर: सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचला, पांच की मौत, एक गंभीर

डिंडोरी। जिले के गाड़ासरई थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। जबलपुर-अमरकंटक मुख्य मार्ग पर ग्राम किकरा तालाब के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंद दिया, जिससे पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, परसवाह, करबे मट्टा और उफरी गांव के निवासी सिलियारी में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होकर पिकअप वाहन से लौट रहे थे। रास्ते में वाहन पंचर हो जाने पर सभी लोग सड़क किनारे उतरकर टायर बदलने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अमरकंटक की ओर से तेज गति में आ रहा ट्रक अचानक नियंत्रण खो बैठा और सीधे लोगों पर चढ़ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ लोग कई फीट दूर जा गिरे। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला। ट्रक ने आगे बढ़ते हुए एक छोटी मड़िया, बिजली के खंभे और यात्री प्रतीक्षालय को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। करीब 350 मीटर दूर जाकर वाहन रुका।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Next Post

दतिया में अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

Sun Apr 12 , 2026
दतिया। शहर के मंगल ढाबा के पीछे स्थित सिंगलपुरा क्षेत्र में राजस्व, नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने निजी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। प्रशासन ने जेसीबी की मदद से पक्के निर्माण को ढहा दिया। जानकारी के अनुसार, सर्वे नंबर 2219/3/1/1, 2219/3/1/ग/2 और […]

You May Like