सिंगरौली: जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से सिंगरौली पुलिस ने रविवार-मध्यरात्रि व्यापक नाइट कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। जिले के सभी अनुभागीय पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में गठित विशेष टीमों ने थाना एवं चौकी क्षेत्रों में सघन तलाशी और गश्त कर अपराधियों पर शिकंजा कसा।
अभियान के दौरान जिलेभर में कुल 222 बदमाशों एवं आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 20 स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया, जबकि 81 गिरफ्तारी वारंटियों को भी पकड़कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके अलावा 69 निगरानी बदमाशों एवं 52 गुंडा बदमाशों की गतिविधियों की जांच कर उनका सत्यापन किया गया।
पुलिस लाइन, थाना-चौकियों के बल तथा तकनीकी शाखा के समन्वय से कट-ऑफ पार्टियां गठित कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ दबिश दी गई। संवेदनशील इलाकों, प्रमुख बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर विशेष निगरानी रखी गई।अभियान के तहत प्रमुख चौक-चौराहों पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई। देर रात बिना कारण घूम रहे संदिग्ध युवकों को सख्त चेतावनी दी गई, वहीं यात्रियों और परिवारों की सुरक्षा के लिए पुलिस की त्वरित सहायता व्यवस्था भी सक्रिय रही। बैंकों और एटीएम परिसरों का भी औचक निरीक्षण किया गया।सिंगरौली पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में दहशत का माहौल है, जबकि आम नागरिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हुई है।
