कांग्रेस का महामंथन: मप्र 5 लाख करोड़ के कर्ज में डूबा, सरकार 50% कमीशन पर चल रही

पचमढ़ी। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शनिवार को पचमढ़ी में कांग्रेस के महामंथन प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन सत्र को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की राजनीतिक स्थिति, बीजेपी सरकार की नीतियों और समाज में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों पर तीखा प्रहार किया।

पटवारी ने कहा कि पचमढ़ी प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और नए जिलाध्यक्षों को पार्टी की विचारधारा, नीतियों और संगठनात्मक ढांचे की ट्रेनिंग दी जाएगी। यह शिविर संगठन सृजन अभियान के बाद पार्टी को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने शराब और नशे के प्रसार पर चिंता जताते हुए कहा कि बीजेपी सरकार 17 हजार करोड़ के राजस्व लक्ष्य के लिए युवाओं को नशे की गर्त में धकेल रही है। युवाओं को बचाना हमारी प्राथमिकता है, उन्होंने कहा।

मुख्यमंत्री के 25 साल के विजन वाले बयान पर कटाक्ष करते हुए पटवारी ने कहा कि मध्य प्रदेश आज 5 लाख करोड़ रुपए के कर्ज में डूबा है, कानून-व्यवस्था शून्य है, और बीजेपी नेता जनता से दुर्व्यवहार कर रहे हैं। सतना में बीजेपी सांसद गणेश सिंह द्वारा आमजन को थप्पड़ मारना इसी संस्कृति का उदाहरण है।

पटवारी ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार 50 प्रतिशत कमीशन पर चल रही है, घर-घर शराब पहुंचा रही है, किसानों को यातनाएं दी जा रही हैं, और कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा। वहीं मुख्यमंत्री 200 करोड़ का हवाई जहाज खरीदकर रोज 25 लाख रुपए उसके संचालन पर खर्च कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बीजेपी डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को खत्म करने की साजिश कर रही है और हाई कोर्ट परिसर में बाबा साहब की मूर्ति न लगने के पीछे भी इसी मानसिकता का हाथ है।

कांग्रेस शासन की तुलना करते हुए पटवारी बोले, हमारी 55 साल की सरकार में न 50% कमीशन था, न जनता पर अत्याचार, न घर-घर शराब पहुंची थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के हितों की रक्षा के लिए सडक़ से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी और संगठन को और मजबूत करेगी।

Next Post

देव डूंगरी माता मंदिर: आस्था का चमत्कारी केंद्र, दर्शन शुल्क को लेकर बनी भ्रम की स्थिति

Sun Nov 2 , 2025
मंदसौर। रेवास-देवड़ा रोड स्थित प्रसिद्ध 151 सीढ़ियों वाला देव डूंगरी माता मंदिर श्रद्धा, चमत्कार और आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है। मां अम्बे के जयकारों से गूंजता यह स्थल न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यहां की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत भी लोगों को अपनी ओर […]

You May Like