दमोह में भैंस के पाड़े के वध पर बवाल, कसाई मंडी में पुलिस ने स्थिति संभाली, दो मामले दर्ज

दमोह। शहर में शुक्रवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब कसाई मंडी क्षेत्र में भैंस के पाड़े के वध की सूचना फैल गई. देखते ही देखते इलाके में तनाव का माहौल बन गया. प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया.

सूत्रों के अनुसार, गौ सेवकों को सूचना मिली थी कि कसाई मंडी क्षेत्र में गौवंशीय पशु की हत्या की जा रही है. इसी सूचना की पुष्टि के लिए कुछ गौ सेवक मौके पर पहुंचे. इसी दौरान स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी बढ़ गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई. बताया गया कि मौके पर मौजूद भीड़ ने गौ सेवकों पर पथराव और हमला करने की कोशिश की.

घटना की जानकारी लगते ही सीएसपी एच.आर. पांडे, एसडीएम आर.एल. बागरी, टीआई मनीष कुमार, डीएसपी सौरभ त्रिपाठी सहित जिले के कई अधिकारी व पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर कर स्थिति को नियंत्रण में किया.

इस बीच, घटना की खबर फैलते ही शहर के अन्य हिस्सों में भी हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. घंटाघर और पुराना थाना क्षेत्र में लोगों ने नारेबाजी की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने बताया कि कसाई मंडी क्षेत्र से भैंस के बछड़े के अवशेष मिले हैं. इस संबंध में दो अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं,एक पशु हत्या से संबंधित और दूसरा गौ सेवकों पर हुए हमले का. उन्होंने कहा कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और शांति बनाए रखने के लिए रात में फ्लैग मार्च भी निकाला गया.

एसपी ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी प्रकार की उकसावे वाली कार्रवाई से दूर रहें. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है.

Next Post

ईडी ने करण दीप सिंह के स्वामित्व वाली दो संपत्तियों के 127.3 करोड़ रुपये के शेयर कुर्क किये

Fri Oct 31 , 2025
नयी दिल्ली, 31 अक्टूबर (वार्ता) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने करण दीप सिंह के स्वामित्व वाली दो अचल संपत्तियों हरियाणा के पंचकूला स्थित अल्केमिस्ट हॉस्पिटल और ओजस हॉस्पिटल के 127.3 करोड़ रुपये के शेयर कुर्क किए हैं। ईडी की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह कार्रवाई मेसर्स […]

You May Like