मुंबई, 31 अक्टूबर (वार्ता) देश का विदेशी मुद्रा भंडार 24 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में 6.925 अरब डॉलर घटकर 695.355 अरब डॉलर रह गया।
यह 12 सप्ताह की सबसे बड़ी गिरावट है। इससे पहले, 01 अगस्त को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 9.321 अरब डॉलर घटा था।
रिजर्व बैंक के शुक्रवार को जारी आंकड़े के अनुसार, 24 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का सबसे बड़ा घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति 3.862 अरब डॉलर घटकर 566.548 अरब डॉलर रह गया। इसमें अमेरिकी मुद्रा के अलावा जापानी येन, ब्रितानी पाउंड और यूरो शामिल हैं जिनका मूल्य डॉलर की तुलना में उनकी विनिमय दर के आधार पर तय किया जाता है।
स्वर्ण भंडार भी लगातार आठ सप्ताह बढ़ने के बाद 3.010 अरब डॉलर घटकर 105.536 अरब डॉलर रह गया। इसमें गिरावट का मुख्य कारण आलोच्य सप्ताह के दौरान सोने की कीमतों में आयी गिरावट रही जिससे केंद्रीय बैंक के पास पड़े सोने का मूल्य कम हुआ है।
विदेशी मुद्रा भंडार के अन्य घटकों में विशेष आहरण अधिकार 5.8 करोड़ डॉलर घटकर 18.664 अरब डॉलर और अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 60 लाख डॉलर बढ़कर 4.608 अरब डॉलर पर पहुंच गया।
इससे पहले, 17 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 4.496 अरब डॉलर की वृद्धि के साथ 702.28 अरब डॉलर रहा था।

