
इंदौर. शहर में यातायात सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त हो गई है. मल्हारगंज पुलिस ने शराब के नशे में ट्रक चलाने वाले चालक को गिरफ्तार किया है, जो चेकिंग प्वाइंट पर पुलिस को देखकर बैरियर तोड़ते हुए भाग निकला था. पुलिस ने वाहन मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है.
पुलिस उपायुक्त जोन-1 कृष्ण लालचंदानी ने बताया कि शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस आयुक्त, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह के निर्देशन पर नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. जिसके तहत सहायक पुलिस आयुक्त विवेक चौहान के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी वेदेन्द्र सिंह कुशवाह के नेतृत्व में देर रात बड़ा गणपति चौराहे पर वाहन चेकिंग की जा रही थी. रात करीब 12 बजे कंटेनर ट्रक नम्बर एमपी 09 एचजी 7908 का चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए चेकिंग प्वाइंट पर पहुंचा. पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक ने वाहन नहीं रोका और स्टॉपर तोड़ते हुए जिन्सी चौराहा की ओर भाग निकला. वायरलेस सूचना पर जिन्सी चौराहा पर बीट पुलिस ने वाहन को घेराबंदी कर रोका. पूछताछ में चालक ने अपना नाम दीपक गोस्वामी उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम टिही, तहसील महू बताया. पुलिस द्वारा कि गई ब्रेथ एनालाइजर जांच में उसके खून में 210.8 एमजी /100 एमल की शराब की मात्रा पाई गई. यदि वाहन समय पर नहीं रोका जाता तो गंभीर दुर्घटना हो सकती थी. पुलिस ने उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की.
