नयी दिल्ली/मनामा, 27 अक्टूबर (वार्ता) भारत की प्रीतिस्मिता भोई ने एशियाई युवा खेलों 2025 में भारोत्तोलन में एक नया विश्व युवा रिकॉर्ड बनाकर इतिहास रचते हुए लड़कियों के 44 किलोग्राम क्लीन एंड जर्क वर्ग में 92 किलोग्राम का भार उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने स्नैच सेक्शन में 66 किलोग्राम भार उठाकर रजत पदक भी जीता और कुल दो पदक हासिल किए।
भोई ने अपने क्लीन जर्क अभियान की शुरुआत 87 किलोग्राम के सफल लिफ्ट से की, इसके बाद 90 किलोग्राम और अपने अंतिम प्रयास में 92 किलोग्राम भार उठाकर लड़कियों के 44 किलोग्राम वर्ग में नया विश्व युवा रिकॉर्ड बनाया। चीन की वू जिहोंग (88 किलोग्राम) और फिलीपींस की प्रिंसेस जे एन डियाज़ (78 किलोग्राम) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।
यह स्वर्ण पदक एशियाई युवा खेलों में भारत का तीसरा और किसी व्यक्ति द्वारा जीता गया पहला स्वर्ण पदक है। भारत के अन्य दो स्वर्ण पदक पुरुष और महिला कबड्डी टीमों ने जीते थे।
लड़कियों के 44 किलोग्राम स्नैच सेक्शन में, प्रीतिस्मिता भोई ने अपने पहले प्रयास में 66 किलोग्राम भार उठाकर रजत पदक जीता। 68 किलोग्राम और 69 किलोग्राम के उनके अगले दो प्रयास असफल रहे। चीन की वू जिहोंग ने 68 किलोग्राम भार उठाकर लड़कियों के 44 किलोग्राम स्नैच में स्वर्ण पदक जीता, जबकि वियतनाम की दाओ थी येन ने 64 किलोग्राम भार उठाकर कांस्य पदक जीता। प्रीतिस्मिता भोई का कुल 158 किलोग्राम (66 किलोग्राम स्नैच 92 किलोग्राम क्लीन एंड जर्क) का भार सात प्रतिस्पर्धी भारोत्तोलकों में सबसे अच्छा था।
लड़कों के 60 किलोग्राम वर्ग में, भारत के अरुमुगपंडियन महाराजन ने स्नैच (114 किलोग्राम) और एक क्लीन एंड जर्क (142 किलोग्राम) में रजत पदक जीते।
भारत ने एथलेटिक्स और कॉम्बैट स्पोर्ट्स में भी शानदार प्रदर्शन किया। लड़कियों की मेडले रिले टीम – जिसमें एडविना जेसन, तन्नू, भूमिका नेहते और शौर्या अंबुरे शामिल थीं – ने फाइनल में 2:09.65 सेकंड का समय निकालकर रजत पदक जीता।
दूसरी ओर, अल्फोंसा जिनिया व्रियांग ने लड़कियों के वाई क्रू 16-17 फाइनल में 8.47 पॉइंट हासिल करके भारत के लिए कांस्य पदक जीता। बाद में, भारत की मिक्स्ड ताइक्वांडो टीम, जिसमें हार्दिक अहलावत, धनश्री पवार, घरलक्ष्मी फुरैलातपम और निहाल देवालि शामिल थे, सेमीफाइनल में थाईलैंड से 2-0 से हारने के बाद कांस्य पदक जीतने में सफल रही। उन्होंने इससे पहले हांगकांग चीन को 2-0 और सऊदी अरब को 2-1 से हराकर पदक पक्का किया था। कल मिले सात पदकों के साथ एशियन यूथ गेम्स में भारत का कुल पदकों की संख्या 24 हो गयी है। इसमें तीन स्वण, 10 रजत और 11 कांस्य पदक है।
