जबलपुर: केसीसी व गोल्ड लोन में फंडिंग के नाम पर कमीशन देने का लालच देकर 90 लाख रूपए हड़प हड़पने वाले बैंक अधिकारी को गढ़ा पुलिस रिमांड में लेकर पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात भी सामने आई कि वे करेली स्थित एक बैंक शाखा में भी पदस्थ था जहां पर भी उसने फर्जीवाड़ा किया था वहां से हटाए जाने के बाद जबलपुर में कटंगा एक्सिस बैंक में नौकरी करने लगा था, जहां उसने फंडिंग के नाम पर कमीशन देने का झांसा देकर कईयों के साथ जालसाजी की हैं और लाखों रूपए ऐंठने के बाद रकम को जमीनों की खरीद फरोख्त में लगाया हैं।
रिमांड में आरोपित से पूछताछ जारी हैं। जिसमें और नए खुलासे होने की उम्मीद हैं।पुलिस के मुताबिक भूपिन्दर सिंह आहूजा पिता स्व. मनोहर सिंह आहूजा 46 वर्ष निवासी प्रेम नगर, गुप्तेश्वर वार्ड ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे दश्मेश इन्टर प्राईजेज घमापुर एयरटेल पेमेन्ट बैंक का डिस्ट्रीब्यूटर हैं, उसका खाता कटंगा एक्सिस बैंक में है जहां अंकित कुमार पटेल ए.आर.ओ की पोस्ट पर काम करता था। अंकित ने के.सी.सी. व गोल्ड लोन में फंडिंग के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी करते हुए 90,00,000 रूपये की राशि नगद लेकर हड़प ली थी।
इसके अलावा उसने दलजीत सिंह भुरजी निवासी वैशाली परिसर ग्वारीघाट एवं नरेश यादव निवासी हाउबाग रोड गोरखपुर से भी केसीसी गोल्ड लोन में फंडिंग के नाम पर लाखों रूपए लेकर ऐंठे है। कटंगा एक्सिस बैंक में पदस्थ एआरओ अंकित कुमार पटेल पिता बृजलाल पटेल निवासी गुप्ता स्वीट्स के पीछे, पटेल किराना के पास, गढा को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस रिमांड में लेकर पूछताछ कर रही है इसके साथ फर्जीवाड़े से जुड़े दस्तावेज जब्त करने के साथ ठगी की रकम की रिकवरी के प्रयास जारी है। पुलिस को आरोपित द्वारा खरीदें गए दो प्लाट की भी जानकारी लगी है। इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुट गई है कि उसने अब तक कितने लोगों के साथ इस प्रकार की ठगी की है आज रिमांड खत्म होने पर उसे पुन: कोर्ट में पेश किया जायेगा।
