
भोपाल। कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के भोपाल दौरे के दौरान शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रहे पार्टी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने के मामले में मध्य प्रदेश सरकार और पुलिस पर लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन का आरोप लगाया है।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विक्रम चौधरी ने शनिवार को पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि पुलिस अधिकारियों ने बिना किसी वैधानिक अधिकार के कांग्रेस कार्यालय में प्रवेश किया और वहां मौजूद कार्यकर्ताओं को जबरन बाहर निकालकर हिरासत में लिया। उन्होंने इसे संविधान प्रदत्त नागरिक स्वतंत्रताओं और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला बताया।
डॉ. चौधरी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है और असहमति के हर स्वर को प्रशासनिक बल के जरिए कुचलना चाहती है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना और काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराना लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है।
कांग्रेस ने इस कार्रवाई में शामिल अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि पार्टी इस मुद्दे को पुलिस मुख्यालय तक ले जाएगी। पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया कि लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
