
गरोठ। थाना गरोठ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 20 किलो 860 ग्राम डोडाचूरा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता कुरिल एवं एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बलवीरसिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर रेलवे स्टेशन गरोठ के समीप फुलखेड़ा मार्ग पर कार्रवाई की। पुलिस ने श्रवणराम विश्नोई (26) निवासी मेलबा, जिला जोधपुर एवं रमेश विश्नोई (24) निवासी फिटकासनी, जिला जोधपुर को गिरफ्तार कर उनके बैगों से 20.860 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया।
पूछताछ में आरोपियों ने मादक पदार्थ गरोठ क्षेत्र के चांदखेड़ी खुर्द निवासी महेंद्रसिंह सोलंकी से लाना बताया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/15, 29 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। प्रकरण में एक आरोपी महेंद्रसिंह सोलंकी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। कार्रवाई में सउनि धन्नालाल योगी एवं पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
