दमोह/बांदकपुर: ज्येष्ठ महीना खत्म होते ही आषाढ़ माह की पूर्णिमा को मनाई जाने वाली गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आज सोमवार को श्री जागेश्वर नाथ धाम बांदकपुर में हजारों भक्तों का तांता लगा हुआ है। इसी दिन से चातुर्मास की भी शुरुआत हो रही है। सुबह पट खुलते ही हजारों श्रद्धालुओं ने भोले बाबा के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। दोपहर तक दर्शनार्थियों का क्रम लगातार बढ़ता रहा और अब तक 30 से 40 हजार भक्त श्री जागेश्वर नाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं।
अनुमान है कि आज 50 हजार से अधिक भक्तगण दर्शन करेंगे। बांदकपुर मंदिर कमेटी ट्रस्टी प्रबंधक रामकृपाल पाठक द्वारा भक्तों के लिए पेयजल, छाया सहित पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।वहीं एसडीओपी प्रिया सिंधी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हिंडोरिया धर्मेंद्र उपाध्याय, चौकी प्रभारी राजेंद्र मिश्रा अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मंदिर परिसर में मौजूद हैं और व्यवस्था बनाए रखने में जुटे हुए हैं।
