रोम, 17 नवंबर (वार्ता) इटली के कम से कम 100 स्कूलों को सोमवार सुबह ई-मेल के जरिए बम और जहर की नई धमकियों का सामना करना पड़ा। ‘एमए’ नाम के शुरुआती अक्षरों से भेजे गए इस मेल में 40 मिनट के भीतर विस्फोट करने और कैंटीन के खाने में सोडियम एजीड और पोटेशियम साइनाइड जैसे जहरीले पदार्थ मिलाने की चेतावनी दी गई थी। सरकार ने हालांकि हाल ही में लागू किए गए नए सुरक्षा दिशा-निर्देशों के तहत ऐसी अस्पष्ट और बड़े पैमाने पर भेजी गई धमकियों पर स्कूलों को अब स्वतः खाली नहीं कराया, बल्कि यह फैसला कानूनी एजेंसियों और सुरक्षा अधिकारियों के विवेक पर छोड़ दिया। इसके कारण इस बार केवल कुछ ही स्कूलों को खाली कराया गया और कैंटीन के भोजन की जांच में कोई गड़बड़ी नहीं मिली।
जांच में सामने आया है कि ये संदेश दा नांग शहर में एक वियतनामी अनुसंधान संस्थान के हैक किए गए ई-मेल अकाउंट से भेजे गए थे। इटली की पोस्टल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इससे पहले इसी हफ्ते भी इसी तरह की धमकी इटली के स्कूलों को मिली थी। देश के उत्तर से दक्षिण तक लगभग 300 शैक्षणिक संस्थानों को 11 सितंबर की पूर्वाह्न करीब 9.50 बजे धमकी भरा ई-मेल मिला था। इसके बाद कक्षाओं को खाली करा लिया गया था।

