नयी दिल्ली, 17 नवंबर (वार्ता) भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वर्तमान और पूर्व अध्यक्षों सहित प्रमुख भारतीय अंतरिक्ष वैज्ञानिक तथा वैश्विक अंतरिक्ष एजेंसियों के नेता 23-24 नवंबर को यहां होने वाले दो दिवसीय 5वें ‘इंडिया इंटरनेशनल स्पेस कॉन्क्लेव’ (आईआईएससी) 2026 में भाग लेंगे। यह सम्मेलन प्रमुख अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ द्विपक्षीय अंतरिक्ष सहयोग और उद्योग जगत की भागीदारी को सुगम बनायेगा। भारतीय अंतरिक्ष संघ (इस्पा) द्वारा इसरो और इन-स्पेस के सहयोग से आयोजित यह अंतरिक्ष सम्मेलन ‘ऑर्बिटल पर्सपेक्टिव्स 2026 : वैश्विक रूप से प्रतिस्पर्धी और सतत अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था का निर्माण’ विषय के तहत आयोजित किया जायेगा। इसमें सरकारी प्रतिनिधि, अंतरराष्ट्रीय गणमान्य व्यक्ति, अंतरिक्ष एजेंसियां, उद्योग जगत के दिग्गज, निवेशक, शोधकर्ता और अंतरिक्ष यात्री एक साथ आयेंगे, जहां बाजार तक पहुंच, कक्षीय स्थिरता, सीमा-पार साझेदारी और वाणिज्यिक अंतरिक्ष बुनियादी ढांचे के विकास पर चर्चा होगी।
इसमें केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पृथ्वी विज्ञान और अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, राज्यसभा सांसद मिलिंद देवड़ा, इसरो अध्यक्ष डॉ वी नारायणन, इसरो के पूर्व अध्यक्ष एएस किरण कुमार, इन-स्पेस के अध्यक्ष डॉ पवन गोयनका, इसरो के वैज्ञानिक सचिव एम गणेश पिल्लई, रक्षा अंतरिक्ष एजेंसी के महानिदेशक एयर वाइस मार्शल मनु मिधा, पूर्व वायु सेनाध्यक्ष एयर चीफ मार्शल आरके एस. भदौरिया (सेवानिवृत्त) और इस्पा के अध्यक्ष एटी रामचंदानी सहित नीति निर्माता, अंतरिक्ष एजेंसियां, उद्योग प्रमुख और राजनयिक भी शामिल होंगे।
इस मंच पर गगनयान मिशन के नामित भारतीय अंतरिक्ष यात्री भी शामिल होंगे, जिनमें वर्ष 2025 में ‘एक्सिओम मिशन 4’ पर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की उड़ान भरने वाले विंग कमांडर शुभांशु शुक्ला तथा ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर और अंगद प्रताप शामिल हैं, जो मानव अंतरिक्ष उड़ान और अंतरिक्ष में भारत की बढ़ती महत्वाकांक्षाओं पर अपने विचार साझा करेंगे। सम्मेलन में भारत के अंतरिक्ष और प्रौद्योगिकी उद्योग का व्यापक प्रतिनिधित्व देखने को मिलेगा, जिसमें स्थापित कंपनियां, उभरते स्पेस-टेक स्टार्टअप, उपग्रह संचालक, भू-स्थानिक कंपनियां और इंजीनियरिंग संगठन शामिल होंगे। इसके साथ ही सम्मेलन में जापान, फ्रांस, अमेरिका, लक्जमबर्ग, दक्षिण कोरिया, इंडोनेशिया, ओमान, ऑस्ट्रेलिया और रूस के प्रतिनिधियों तथा हितधारकों की अंतरराष्ट्रीय भागीदारी होगी। इस मंच पर प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि शिरकत करेंगे, जिनमें भारत में फ्रांस के राजदूत डॉ. थिएरी माथौ, भारत में लक्जमबर्ग के राजदूत क्रिश्चियन बीवर और यूनाइटेड स्टेट्स स्पेस फोर्सेज पैसिफिक के कमांडर मेजर जनरल ब्रायन ए डेनारो शामिल हैं।
जापान की भागीदारी में वहां की सरकार, अंतरिक्ष संस्थान और निजी क्षेत्र के प्रतिनिधि शामिल होंगे, जिनमें चिबा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के एस्ट्रोनॉमी रिसर्च सेंटर (एआरसी) के निदेशक डॉ. साकु त्सुनेता, जापान सरकार के कैबिनेट कार्यालय स्थित राष्ट्रीय अंतरिक्ष नीति सचिवालय के निदेशक (अंतरराष्ट्रीय मामले) शिनिची हिगुची और जाक्सा स्पेस एक्सप्लोरेशन सेंटर (जेएसईसी) के निदेशक कोजी यामानाका शामिल हैं। सम्मेलन के एजेंडे में भारत-फ्रांस और भारत-जापान अंतरिक्ष साझेदारी पर केंद्रित समर्पित द्विपक्षीय और बंद कमरे में होने वाली बैठकें शामिल हैं, जो उपग्रह संपर्क, अंतरिक्ष अन्वेषण, पृथ्वी अवलोकन, निवेश और प्रौद्योगिकी विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग तलाशने के अवसर पैदा करेंगी।
इस्पा के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल एके भट्ट (सेवानिवृत्त) ने कहा, “भारत का अंतरिक्ष क्षेत्र निजी क्षेत्र की बढ़ती भागीदारी, विस्तारित तकनीकी क्षमताओं और भारतीय कंपनियों के साथ साझेदारी में बढ़ती वैश्विक रुचि के साथ एक निर्णायक दौर में प्रवेश कर रहा है। आईआईएससी-2026 नीति निर्माताओं, अंतरिक्ष एजेंसियों, उद्योग प्रमुखों, निवेशकों और अंतरराष्ट्रीय हितधारकों को उन अवसरों पर विचार-विमर्श करने के लिए एक मंच पर लायेगा जो इस विकास के अगले चरण को आकार देंगे।” उन्होंने कहा, “इस मंच के माध्यम से, हमारा उद्देश्य सार्थक संवाद और सहयोग को बढ़ावा देना है, जो भारत को वैश्विक रूप से प्रतिस्पर्धी और सतत अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने में मदद कर सके।”
नीति, प्रौद्योगिकी और निवेश के माध्यम से अंतरिक्ष के भविष्य को आकार देने की दिशा में, सम्मेलन का पहला दिन भारत के अंतरिक्ष विकास के अगले चरण को सक्षम बनाने पर केंद्रित होगा।
सत्रों में भारत-फ्रांस अंतरिक्ष साझेदारी, एलईओ उपग्रह संचार और उपग्रह संपर्क का भविष्य, न्यूस्पेस क्रांति का वित्तपोषण, पृथ्वी अवलोकन तथा अंतरिक्ष उद्योग के लिए नियामक और कानूनी ढांचे शामिल होंगे। चर्चाओं में इन-स्पेस सर्विसिंग, असेंबली एंड मैन्युफैक्चरिंग (आईएसएएम) के लिए सहयोग और साझेदारी की भी समीक्षा की जायेगी। दूसरा दिन नवाचार, शासन, मानव क्षमता और वैश्विक सहयोग पर केंद्रित होगा। इन सत्रों में भारत-जापान अंतरिक्ष साझेदारी, पृथ्वी अवलोकन और भू-स्थानिक खुफिया जानकारी के अनुप्रयोग, अंतरिक्ष अन्वेषण, उपग्रह संचार और स्पेक्ट्रम प्रबंधन के लिए नियामक ढांचे शामिल होंगे। समर्पित चर्चाओं में अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में कौशल विकास, युवाओं की भागीदारी और मानवीय पहलू पर भी ध्यान दिया जाएगा।
इस आयोजन में अंतरिक्ष क्षेत्र के निवेश, रणनीतिक स्वायत्तता, जोखिम प्रबंधन और भारत के दीर्घकालिक अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था रोडमैप को कवर करने वाले कई प्रकाशनों और उद्योग रिपोर्टों का विमोचन भी किया जायेगा। सम्मेलन में रणनीतिक साझेदारी को सुगम बनाने और अंतरिक्ष पारिस्थितिकी तंत्र में सहयोग को मजबूत करने के लिए संस्थागत और औद्योगिक समझौता पत्रों (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किये जायेंगे। सम्मेलन के सत्रों के अलावा, आईआईएससी 2026 में स्थापित कंपनियों और उभरते अंतरिक्ष उद्यमों की स्वदेशी तथा अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष प्रौद्योगिकियों को प्रदर्शित करने वाली एक प्रदर्शनी भी लगायी जायेगी।
सम्मेलन के इतर तक्षशिला इंस्टीट्यूशन और इस्पा द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित ‘अंतरिक्ष-सक्षम आपदा लचीलापन और राष्ट्रीय सुरक्षा’ शीर्षक वाले एक समर्पित गोलमेज सम्मेलन के माध्यम से आपदा प्रबंधन क्षमता निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जायेगा। यह गोलमेज सम्मेलन आपदा लचीलेपन और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने में अंतरिक्ष-आधारित प्रौद्योगिकियों की भूमिका पर चर्चा करने के लिए विशेषज्ञों को एक साथ लायेगा।

