नयी दिल्ली, 07 मई, (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादियों के ठिकानों पर ऑपरेशन सिंदूर के तहत हमला करने के मुद्दे पर भारतीय सेना का समर्थन किया और कहा है कि हमें अपनी सेनाओं पर गर्व है।
श्री यादव ने बुधवार को यहां मीडियाकर्मियों से कहा कि भारत की तीनों सेनाएं बहुत मजबूत है और जो भी देश की एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचाने के लिए आतंकवादी गतिविधियों को प्रायोजित करेगा, उसका माकूल जवाब देने के लिए भारतीय सेनाएं पूरी तरह से सक्षम है। उन्होंने कहा, “22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकवादियों ने 26 निहत्थे लोगों को निशाना बनाया था। उनकी शहादत का बदला हमारी सेनाओं ने कल देर रात ऑपरेशन सिंदूर के तहत बखूबी ले लिया। हमें अपनी सेना पर गर्व हैं, क्योंकि कर्नल सोफिया कुरेशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह जैसी जाबांज महिलाएं भी भारतीय सेना में मौजूद है। जो इस संकट के समय पुरुष सैनिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर देश की रक्षा के लिए तैयार खड़ीं है।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने 22 अप्रैल को ही देश के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता दिखाते कहा था कि हम मुश्किल समय में देश के साथ है और देश जो भी जवाबी कार्यवाही करेगा, उसको हमारा पूर्ण समर्थन रहेगा।
उन्होंने कहा, “भारतीय सेनाओं ने समय-समय पर देश की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते हुए दुश्मनों की कायराना हरकतों का मुहतोड़ जवाब दिया है। हम सेना और उसके प्रत्येक जवान के जज्बे को सलाम करते है और हमें पूरा विश्वास है कि यदि भविष्य में कभी कोई आतंकवादी देश की तरफ आंख उठाकर देखने की कोशिश भी करेगा तो उसका इसी प्रकार पलटवार कर जवाब दिया जाएगा।”
