इंदौर: 20.84 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद सामने आए एक आरोपी को लंबे समय तक फरार रहने के बाद क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है. पुलिस अब उससे ड्रग्स की सप्लाई और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है.क्राइम ब्रांच ने वर्ष 2025 में एमडी ड्रग्स से जुड़े एक मामले में जूनी इंदौर निवासी सलीम रहमान को पकड़ा था. उसके पास से 20.84 ग्राम एमडी ड्रग्स और एक एक्सेस स्कूटी बरामद हुई थी. जांच के दौरान ड्रग्स की सप्लाई में सदर बाजार निवासी जुनैद उर्फ जुन्नु उम्र 27 साल की भूमिका सामने आई थी. इसके बाद से वह पुलिस की पकड़ से बाहर था. मंगलवार को मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया.
पूछताछ में पता चला कि आरोपी नौवीं कक्षा तक पढ़ा है और किराए पर ई-रिक्शा चलाता है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि एमडी ड्रग्स की खेप उसे कहां से मिलती थी और इस नेटवर्क में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हैं. जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी मिली है. उसके खिलाफ अलग अलग थानों में चोरी, मारपीट, अवैध हथियार, आबकारी और मादक पदार्थों से जुड़े मामले दर्ज हैं. मामले में डीसीपी राजेश त्रिपाठी का कहना है कि फरार आरोपी को सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर पकड़ा है. उससे ड्रग्स की सप्लाई से जुड़े लोगों और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
चोरी से ड्रग्स तक… 10 साल में 16 केस दर्ज
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड वर्ष 2016 से रहा है. सदर बाजार थाने में मारपीट के मामले से शुरू हुआ सिलसिला आगे चोरी, सेंधमारी, अवैध हथियार, आबकारी और मारपीट के मामलों तक पहुंचा. वर्ष 2021 में सराफा थाने में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, चोरी और सेंधमारी से जुड़ी धाराओं में प्रकरण दर्ज हुआ. वर्ष 2024 में सदर बाजार थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मामला दर्ज हुआ. इसके बाद वर्ष 2025 में मारपीट व धमकी का प्रकरण दर्ज हुआ. पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में 16 प्रकरण दर्ज होना सामने आया है
