
भोपाल। राजधानी में गुरुवार को जिला खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा शहर के अलग अलग क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापे की कार्रवाई की. यह कार्रवाई रक्षाबंधन सहित अन्य त्यौहारों पर मिलावटी और अमानक दूध से बने उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से की गई. जिसमें दो स्थानों पर मिलावट होने की आशंका के चलते लगभग 25 क्विंटल देशी घी जब्त किया गया. जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 14 लाख रुपए बताई गई है. इन प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 38 के तहत जब्त घी को सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया. दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है. जांच मे यदि खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते या मिलावट प्रमाणित होते हैं, तो व्यवसायियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम तहत कार्रवाई की जाएगी.
प्रोस्पेरिटी टेक पर करोद में हुई पहली कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के दल ने पहली कार्रवाई प्रोस्पेरिटी टेक, शॉप नं. 4 एवं 5, पंचवटी कॉलोनी, फेज-2, करोंद मेंर्की . यहां व्यवसायी सूरज पांडे के प्रतिष्ठान से गोवर्धन धौलपुर फ्रेश देसी घी की 15 किलोग्राम, 5 किलोग्राम, 1 किलोग्राम एवं 500 व 200 ग्राम पैकिंग सहित लगभग 938 किलोग्राम घी बरामद हुआ, जिसका बाजार मूल्य लगभग 5.50 लाख रुपए है. बरामद घी में मिलावट की आशंका होने पर जब्त किया गया. प्रतिष्ठान पर खाद्य लाइसेंस नहीं था जो कि प्रतिष्ठान परिसर में प्रदर्शित भी नहीं किया गया था, लायसेंस से संबंधित कार्रवाई भी की जा रही है.
दूसरी कार्रवाई नर्मदा सेल्स कॉरपोरेशन भानपुर में
इसी क्रम में कार्रवाई जारी रखते हुए रसालखेड़ी भानपुर विदिशा रोड स्थित नर्मदा सेल्स कॉरपोरेशन, मे की गई जहां पर द्वारकेश घी, शगुन घी, गोवर्धन घी एवं भूमि घी का लगभग 15 क्विंटल स्टॉक पाया गया. यहां भी मिलावट की आशंका के चलते जब्त कर सुरक्षित रखा गया है. जिसकी बाजार कीमत लगभग 8,51,351 रुपए बताई है. यहां से सभी ब्रांडों के 10 नमूने जांच हेतु लिए गए. यह कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों पंकज श्रीवास्तव, अरुणेश कुमार पटेल, जगदीश विश्वकर्मा, साधना सक्सेना एवं पूजा शाक्य द्वारा संपन्न की गई.
