मुरादाबाद, 29 जून (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुरादाबाद में 365.50 करोड़ रुपये की 63 विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए कहा कि जिस तरह दानवीर भामाशाह ने अपना सर्वस्व समर्पित कर महाराणा प्रताप की स्वाभिमान की लड़ाई को निर्णायक शक्ति दी थी, उसी भावना से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की डबल इंजन सरकार प्रदेश के हर व्यापारी को सुरक्षा-छतरी प्रदान कर रही है।
मुख्यमंत्री श्री योगी बुद्धि विहार फेज-2 मैदान में आयोजित विशाल जनसभा में मंच पर पहुंचते ही दानवीर भामाशाह को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि हल्दीघाटी युद्ध के उपरांत जब महाराणा प्रताप संसाधनों के अभाव में जंगलों में संघर्ष कर रहे थे, तब भामाशाह ने अपनी संपूर्ण धन-संपत्ति समर्पित कर उस ऐतिहासिक लड़ाई को नई शक्ति दी। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुष का जीवन आज भी इस बात का प्रमाण है कि समाज का एक व्यक्ति भी राष्ट्र के स्वाभिमान की रक्षा में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने व्यापारी कल्याण दिवस पर घोषणा की कि जीएसटी में पंजीकृत किसी भी व्यापारी या उद्यमी के साथ दुर्घटना अथवा अप्रिय घटना होने पर राज्य सरकार उसके आश्रित परिजनों को 10 लाख रुपये की त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराती है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था व्यापारी वर्ग को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 136.15 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जिनमें वॉर मेमोरियल, श्रीराम वाटिका और आधुनिक खेल पार्क प्रमुख हैं। लोकार्पित परियोजनाओं में मुरादाबाद नगर की 13, कुंदरकी की 9 और देहात की 4 परियोजनाएं शामिल हैं। इसके साथ ही 229.35 करोड़ की 37 नई परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ, जिनमें सर्वाधिक 18 कुंदरकी, 11 मुरादाबाद नगर और 8 देहात विधानसभा क्षेत्र की हैं।
श्री योगी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को परिवारवादी राजनीति का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि पहले सरकारी धन कब्रिस्तान बनाने में खर्च होता था, जबकि अब वही धन मंदिरों के विकास, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और जनहित के कार्यों पर लग रहा है। अयोध्या का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब अयोध्या त्रेतायुग जैसी हो गई है और आने वाले समय में मथुरा के बांके बिहारी धाम के विकास की भी बारी है।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में बिजली, रोजगार और कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद दयनीय थी और अपराधियों का बोलबाला था, जबकि वर्तमान सरकार में अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई से प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि नौ वर्ष पहले मुरादाबाद की पहचान दंगों और उपद्रवों से होती थी, लेकिन आज यह शहर पीतल उद्योग और विकास की पहचान बन चुका है। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां की जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से यह संदेश दे दिया है कि अब बाबर का राज नहीं चलेगा और बाबरी सोच अर्थात जातिवाद व तुष्टिकरण के आधार पर समाज को बांटने की राजनीति का युग समाप्त हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि गुरु जंभेश्वर मंदिर कॉरिडोर का विकास किया जाएगा तथा श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े वरिष्ठ नेता दाऊदयाल खन्ना के सम्मान में लाइनपार क्षेत्र का नाम अब ‘दाऊदयाल खन्ना नगर’ रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कुंदरकी की जनता ने भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाया, उसी तरह कांठ और ठाकुरद्वारा सहित सभी विधानसभा क्षेत्रों में कमल खिलने पर ही विकास की गति और तेज होगी।
इस अवसर पर पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, कैबिनेट मंत्री, महापौर, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष तथा भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि कानून-व्यवस्था पर मंथन और चहुंमुखी विकास की समीक्षा के उद्देश्य से मुख्यमंत्री 11 महीने में दूसरी बार मुरादाबाद में रात्रि विश्राम कर रहे हैं।
