इंदौर:गांधी जयंती के अवसर पर पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों और परिसरों में स्वच्छता एवं जनजागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किए गए. इंदौर रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता जागरूकता रैली, श्रमदान और नुक्कड़ नाटक के जरिए यात्रियों को स्वच्छता का संदेश दिया गया.
कार्यक्रम में रेलवे अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ सफाई मित्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं, इंडेक्स कॉलेज इंदौर के प्रोफेसरों और ट्रेनी डॉक्टरों ने सहभागिता की. करीब 25 सदस्यीय टीम ने स्टेशन परिसर में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया. वहीं, लायंस क्लब इंदौर की ओर से स्टेशन पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 सफाईकर्मियों को सम्मानित किया गया.
उज्जैन और रतलाम में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें करीब 200 लोगों ने हिस्सा लिया. रैली के बाद स्वच्छता की शपथ दिलाई गई और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता का संदेश दिया गया.अभियान के तहत रतलाम मंडल के नागदा, नीमच, मंदसौर, चित्तौड़गढ़, देवास, दाहोद, सीहोर, शुजालपुर और मक्सी में भी स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं. इस दौरान श्रमदान, यात्रियों से संवाद, वेंडरों को जागरूक करने और वृक्षारोपण जैसी गतिविधियां हुईं. अभियान के माध्यम से रेलवे ने स्वच्छता को जनभागीदारी से जनअभियान बनाने का संदेश दिया.
