
ग्वालियर। स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से ग्वालियर में पहली बार विशाल स्वदेशी मेले का आयोजन होने जा रहा है। स्वदेशी जागरण मंच, कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) एवं ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में यह मेला 21 अक्टूबर से व्यापार मेला परिसर में आयोजित होगा।
मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक सिंह जादोंन एवं उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह गुर्जर ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में चर्चा करते हुए कहा कि मेले में लगभग 500 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें देश में निर्मित विभिन्न स्वदेशी उत्पाद, हस्तशिल्प, सजावटी सामग्री और स्थानीय उद्यमियों के उत्पाद प्रदर्शित एवं विक्रय किए जाएंगे।
मेला संयोजक आर.पी. माहेश्वरी ने बताया कि यह मेला केवल खरीद-बिक्री नहीं, बल्कि स्वदेशी विचार को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। इसका उद्देश्य भारतीय व स्थानीय उत्पादों के उपयोग को प्रोत्साहित करना, कारीगरों, बुनकरों, शिल्पकारों व एमएसएमई और स्टार्टअप्स को बड़ा बाजार उपलब्ध कराना तथा भारत की पारंपरिक कला और लोक संस्कृति का संरक्षण है।
मेले के दौरान व्यापार के साथ संस्कृति का भी उत्सव होगा। आदिवासी नृत्य, ग्वालियर-चंबल की लंगुरिया सहित स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक एवं नृत्य प्रतियोगिताएं भी होंगी।
इस अवसर पर स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत सहसंयोजक डॉ. राकेश शर्मा, मध्यभारत प्रांत के विचार प्रमुख आदेश शर्मा, विभाग संयोजक डॉ. सर्वेश कुमार दीक्षित, कैट के जिला अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, श्रीमती रीना गांधी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
