चितरंगी: चितरंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झोखो में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग ठिकानों से कुल 83 लीटर अवैध शराब जब्त की है। यह कार्रवाई भगवती मानव कल्याण संगठन के सदस्यों द्वारा पुलिस को दी गई सूचना के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, झोखो गांव में दो अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से शराब बिक्री किए जाने की सूचना संगठन के सदस्यों को मिली थी। इसके बाद संगठन के सदस्यों ने पुलिस को मामले की जानकारी देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर छापामार कार्रवाई की।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक ठिकाने से 54 लीटर तथा दूसरे ठिकाने से 29 लीटर, कुल 83 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
भगवती मानव कल्याण संगठन के सदस्यों ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब एवं नशे के कारोबार के खिलाफ संगठन लगातार अभियान चला रहा है। संगठन का उद्देश्य समाज को नशामुक्त बनाकर युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना तथा स्वस्थ, संस्कारवान एवं अपराधमुक्त समाज का निर्माण करना है। संगठन ने पुलिस प्रशासन से भी अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी एवं निरंतर कार्रवाई करने की अपील की है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की मांग की है।
