भोपाल: विधानसभा परिसर के बाहर कांग्रेस विधायक दल ने किसानों के मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने खाद संकट, सरकारी खरीदी में कथित गड़बड़ी और किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिलने के मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरा।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायकों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश के कृषि मंत्री के मुखौटे पहनकर सांकेतिक विरोध जताया।
कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश का किसान खाद की कमी, फसल खरीदी में अनियमितताओं और मुआवजे में देरी जैसी समस्याओं से जूझ रहा है, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर गंभीर नहीं है।नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस किसानों की आवाज विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाती रहेगी और जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायकों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसानों के हित में तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की।
