सतना : मैहर जिले के रामनगर से सतना जिला अस्पताल के लिए रेफर की गई प्रसव पीडि़ता ने रास्ते में जननी एक्सप्रेस में ही बेटी को जन्म दे दिया. अस्पताल में भर्ती जच्चा-बच्चा दोनोंं स्वस्थ्य हैं व उनके स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर जिले के रामनगर क्षेत्र अंतर्गत बटइया गांव की निवासी 22 वर्षीय नीलम साकेत पति दीपक कुमार साकेत को रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया था.
सोमवार की सुबह से ही नीलम को जबरदस्त प्रसव पीड़ा आरंभ हो गई. लेकिन प्रसव को लेकर स्वास्थ्य संबंधी कुछ आशंकाओं के चलते रामनगर से जिला अस्पताल सतना के लिए रेफर कर दिया गया. जिसके चलते जननी एक्सप्रेस के जरिए उसे रामनगर से सतना के लिए रवाना कर दिया गया. बताया गया कि रास्ते में महिला की प्रसव पीड़ा लगातार बढ़ती चली गई.
दोपहर के लगभग ढाई बजे जननी एक्सपे्रस जैसे ही रेलवे स्टेशन के गेट के सामने से होकर गुजरी वैसे ही महिला ने एक बच्ची को जन्म दे दिया. किसी तरह संभाल कर वाहन चलाते हुए एंबुलेंस चालक ने अस्पताल पहुंचा दिया. जहां पर फौरन ही घटना की सूचना नर्सिंग स्टॉफ को दी गई. नर्सिंग स्टॉफ स्ट्रेचर व अन्य उपकरण लेकर अस्पताल के गेट पर पहुंच गया. जहां पर प्रसूता और नवजात को सुरक्षित तरीके से संभालते हुए वार्ड में शिफ्ट कराया गया. चिकित्सक द्वारा की गई जांच में जच्चा-बच्चा दोनों को स्वस्थ्य बताया गया. लिहाजा दोनों को भर्ती रखते हुए उनके स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है
