पाकिस्तान ने ईरान से अपने आठ नागरिकों की हत्या की जांच में पूर्ण सहयोग का किया आग्रह

इस्लामाबाद/ तेहरान, 14 अप्रैल (वार्ता) पाकिस्तान ने ईरान के सिस्तान-बलूचिस्तान प्रांत में अपने आठ नागरिकों की नृशंस हत्या की जांच में पूर्ण सहयोग करने का ईरान के अधिकारियों से आग्रह किया है।

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के यहां जारी एक बयान के मुताबिक, “पाकिस्तान ईरान में अपने नागरिकाें की अमानवीय और कायरतापूर्ण तरीके से नृशंस हत्या की कड़ी निंदा करता है। पाकिस्तानी सरकार और नागरिक इस दुखद घटना से बेहद आहत और व्यथित हैं। प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की है।”

द एक्सप्रेस ट्रिब्यून के अनुसार ईरान के मेहरेस्तान में आटो मैकेनिक के तौर पर काम करने गए आठ पाकिस्तानी नागरिकाें की शनिवार को जघन्य हत्या कर दी गई थी। मेहरेस्तान क्षेत्र पाकिस्तान-ईरान सीमा से लगभग 230 किलोमीटर दूरी पर स्थित है। शवों के हाथ-पैर बंधे हुए पाए गए, ऐसा प्रतीत होता है कि उनकी फांसी देकर हत्या की गई होगी। हत्याओं की जिम्मेदारी बलूच नेशनल आर्मी ने ली है।

उधर पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार कि उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री इशाक डार के निर्देश पर तेहरान में स्थित पाकिस्तानी दूतावास और जाहेदान स्थित वाणिज्यिक दूतावास ईरान के अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।

बयान में घटना की सिलसिलेवार व्यापक जाँच सुनिश्चित कर दोषियों को कानूनी दायरे में लाए जाने पर जोर दिया गया है, साथ ही मृतकों के शवों को जल्द से जल्द पाकिस्तान लाए जाने पर भी बल दिया गया है। बयान में कहा, “हम मामले की जांच में ईरानी पक्ष से पूर्ण सहयोग तथा पीड़ितों के शवों को समय पर वापस भेजने की उम्मीद करते हैं।”

इस बीच समाचारपत्र डाॅन के अनुसार पाकिस्तान ने तेहरान से मामले की संयुक्तरूप से जाँच करने की मांग भी की है। उधर पाकिस्तान स्थित ईरानी दूतावास ने इस घटना पर गहरा शोक जताते हुए मामले की जांच में पूरा सहयोग देने का वादा किया है। ईरान ने आतंकवाद से निपटने के लिए संयुक्त तौर पर अंतर्राष्ट्रीय प्रयासों पर भी बल दिया है।

मृतको के परिजनों ने भी पाकिस्तान सरकार से मांग की है कि उनके परिजनों के शव उन्हें शीघ्र से शीघ्र सौपें जाए और उन्हें उचित सहायता राशि भी दिया जाए। उन्होंने मांग की कि वे लाेग पहले से ही गरीबी रेखा के नीचे अपना जीवन बसर कर रह रहे हैं और उस पर उन्होंने घर का खर्च चलाने वाले अपने प्रमुख सदस्य को खो दिया है। अब उनके पास जीवन यापन के लिए कुछ भी नहीं बचा है।

 

 

 

Next Post

विहिप प्रतिनिधिमंडल ने मुर्शिदाबाद के हिंदू पीड़ितों से की मुलाकात

Mon Apr 14 , 2025
नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (वार्ता) विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद के हिंदू पीड़ितों से सोमवार को मुलाकात की और उन्हें सभी प्रकार के सहयोग का आश्वासन दिया। विहिप के उत्तर बंगाल प्रांत के अध्यक्ष नारायण मंडल के नेतृत्व में विहिप उत्तर […]

You May Like