नयी दिल्ली, 27 जनवरी (वार्ता) यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वान डेर लेयेन ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच व्यापार समझौते को एक नये इतिहास की शुरुआत करार देते हुए कहा है कि दोनों पक्ष अपने रणनीतिक संबंधों को भविष्य में और मजबूत बनाएंगे।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मंगलवार को इस समझौते की घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा,”भारत और यूरोप आज इतिहास बना रहे हैं। हमने वह समझौता कर लिया जो मदर ऑफ आल डील्स ( अब तक का सबसे बड़ा समझौता) कर लिया है। हमने दो अरब की आबादी का एक मुक्त क्षेत्र सृजित किया है जिससे दोनों पक्षों को लाभ होने वाला है।”
यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष ने कहा ,”यह केवल शुरुआत है हम अपने रणनीतिक संबंधों को और भी मजबूत करेंगे।”
इससे पहले सुश्री डेर लियेन ने अपने सहयोगी और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा के साथ मिलकर प्रधानमंत्री मोदी के साथ सुबह हैदराबाद हाउस में बातचीत की।
यूरोपीय संघ के दोनों नेता सुबह गांधी समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने राजघाट गए थे।
श्री कोस्टा ने गांधी समाधि पर पुष्प चक्र चढ़ाने की तस्वीर साझा करते हुए विश्व शांति की कामना की। उन्होंने गांधी जी को याद करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा,” इस विश्व में उनके शब्द आज भी पहले की ही शक्ति से गुंजायमान हैं। शांति हथियारों की लड़ाई से नहीं, बल्कि विषम परिस्थितियों में निहत्थे राष्ट्रों द्वारा किये गये और जी कर दिखाये गये न्याय के रास्ते से उत्पन्न होगी।”
