
गुना। जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से गुना पुलिस द्वारा लगातार सघन कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में बीती रात जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस की विभिन्न टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय गुंडा-बदमाश, निगरानीशुदा अपराधी, जिला बदर आरोपियों और विभिन्न मामलों में फरार चल रहे वारंटियों की तलाश की। इस अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है और कुल 51 वारंटी पकड़े गए हैं, जिनमें 19 स्थाई वारंटी और 32 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं।
अभियान को जिले के पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशन में संचालित किया गया। अभियान से पहले सभी थाना प्रभारियों और अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों ने गश्त टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए एवं निर्धारित क्षेत्रों में गहन तलाशी की जिम्मेदारी सौंपी। इसके बाद पुलिस टीमें रात के समय अपने-अपने क्षेत्रों में निकलीं और संदिग्ध गतिविधियों वाले इलाकों में दबिश दी।
थाना-वार उपलब्धियां
इस दौरान कोतवाली क्षेत्र से 02 स्थाई और 05 गिरफ्तारी वारंटी, कैंट थाना से 03 स्थाई और 02 गिरफ्तारी, बजरंगगढ़ से 02 गिरफ्तारी, म्याना से 02 स्थाई और 03 गिरफ्तारी, बमौरी से 04 गिरफ्तारी, फतेहगढ़ से 01 स्थाई और 01 गिरफ्तारी, सिरसी से 02 गिरफ्तारी, राघौगढ़ से 02 स्थाई और 03 गिरफ्तारी, आरोन से 02 स्थाई और 02 गिरफ्तारी, विजयपुर से 01 गिरफ्तारी, धरनावदा से 02 स्थाई और 03 गिरफ्तारी, चांचौड़ा से 05 गिरफ्तारी, कुम्भराज से 02 गिरफ्तारी और मृगवास से 02 गिरफ्तारी शामिल हैं। इस दौरान पुलिस ने जिला बदर बदमाशों, हिस्ट्रीशीटरों और लंबे समय से फरार चल रहे अन्य आरोपियों की भी गहनता से जांच की।
