
छिंदवाड़ा। जिले के अमरवाड़ा ब्लॉक के रिधोरा गांव में दूषित पानी पीने से रविवार सुबह एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान दुर्गा पति स्व. नरेश चंद्रवंशी (36) के रूप में हुई है। उसे शनिवार शाम उल्टी-दस्त की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रविवार सुबह 9 बजे उसने दम तोड़ दिया।
मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए। उनका कहना था कि पहले नर्स ने इलाज किया, डॉक्टर देर से पहुंचे और समय पर मरीज को रेफर नहीं किया गया। गुस्साए परिजनों ने शव को अस्पताल के सामने रखकर करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन किया।
सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। प्रभारी सिविल सर्जन रवि टांडेकर ने जांच कर दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिया। तहसीलदार ने मृतका के परिजनों को तत्काल 5000 की सहायता राशि दी और दोनों बच्चों को सरकारी मदद का आश्वासन दिया।
बताया जा रहा है कि रिधोरा और आसपास के गांवों में पिछले 15 दिनों से दूषित पानी के कारण उल्टी-दस्त के मामले बढ़ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव की पानी की टंकी कई सालों से साफ नहीं हुई है, जिससे संक्रमण फैल रहा है। मृतका का पोस्टमार्टम कराया गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।
