इंदौर: पलासिया चौराहे पर शनिवार को स्काउट्स-गाइड्स के कैडेट्स यातायात पुलिस के साथ व्यवस्था संभालते नजर आए. उन्होंने वाहन चालकों को रेड लाइट पर स्टॉप लाइन के पीछे रुकने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और कार में सीट बेल्ट लगाने की समझाइश दी. कैडेट्स ने पैदल यात्रियों को जेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार कराने में भी मदद की.
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जिला संघ से जुड़े सांदीपनि शासकीय अहिल्या आश्रम क्रमांक-एक, पोलो ग्राउंड के कैडेट्स ने यातायात पुलिस से प्रशिक्षण लेने के बाद यह जिम्मेदारी निभाई. उन्हें ट्रैफिक सिग्नल, स्टॉप लाइन, जेब्रा क्रॉसिंग और यातायात संचालन के नियमों की जानकारी दी गई. इसके बाद कैडेट्स ने पुलिसकर्मियों के साथ चौराहे पर वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक किया. उन्होंने आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता सुगम रखने में भी सहयोग दिया. डीसीपी क्राइम एवं यातायात राजेश कुमार त्रिपाठी ने कैडेट्स से चर्चा कर यातायात जागरूकता में उनकी भागीदारी की सराहना की.
यातायात नियमों का पालन हर नागरिक की जिम्मेदारी
एडीसीपी यातायात विक्रम सिंह रघुवंशी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन हर नागरिक की जिम्मेदारी है. कैडेट्स अपने स्कूल, परिवार और समाज में भी सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाकर लोगों को जागरूक कर सकते हैं. कार्यक्रम में एसीपी सुप्रिया चौधरी, यातायात थाना प्रभारी अरविंद दांगी, यातायात निरीक्षक सीमा गुप्ता और स्काउट्स-गाइड्स के प्रभारी मौजूद रहे. इस पहल के तहत आने वाले दिनों में अन्य कैडेट्स को भी यातायात पुलिस के साथ जागरूकता गतिविधियों में शामिल किया जाएगा.
