
दमोह।मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत 29 जुलाई 2026 को जिला दमोह में एक वृहद जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक सागर रेंज मिथलेश शुक्ला, उप पुलिस महानिरीक्षक सागर रेंज शशीन्द्र सिंह चौहान तथा पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भा.पु.से.) की गरिमामयी उपस्थिति रही।
पुलिस महानिरीक्षक सागर रेंज मिथलेश शुक्ला व उप पुलिस महानिरीक्षक सागर रेंज शशीन्द्र सिंह चौहान ने उपस्थित छात्र-छात्राओं, युवाओं व आमजन को संबोधित करते हुए नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के उद्देश्य व महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए अभिशाप है। यह युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बनाकर परिवार की आर्थिक, सामाजिक व मानसिक स्थिति को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों व समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक जिला दमोह श्री आनंद कलादगि (भा.पु.से.) ने अपने संबोधन में नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत जिला दमोह पुलिस द्वारा अब तक किए गए जन-जागरूकता प्रयासों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। अब तक के जागरूकता कार्यक्रम का शार्ट वीडियों का एलईडी पर प्रसारण किया गया। उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से जिलेभर में विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, धार्मिक स्थलों, औद्योगिक क्षेत्रों व सार्वजनिक स्थानों पर निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। साथ ही सोशल मीडिया, डिजिटल प्लेटफॉर्म व अन्य ऑनलाइन माध्यमों के जरिए भी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक अभियान के अंतर्गत ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यमों से लाखों नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता ही इस अभियान की सबसे बड़ी शक्ति है और सभी नागरिकों के सहयोग से नशामुक्त समाज के लक्ष्य को अवश्य प्राप्त किया जा सकेगा।कार्यक्रम के दौरान ड्रामा टीम के कलाकारों द्वारा प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति दी गई, जिसमें नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों को मार्मिक ढंग से प्रदर्शित किया गया। नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशे की लत व्यक्ति को धीरे-धीरे विनाश की ओर ले जाती है, जबकि नशामुक्त जीवन ही स्वस्थ, सुरक्षित एवं सफल भविष्य का आधार है। इस प्रस्तुति ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं आमजन को भावुक करते हुए नशे से दूर रहने का सशक्त संदेश दिया।
इसके उपरांत अभियान के अंतर्गत पूर्व में आयोजित क्रिकेट, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, रस्साकसी, चित्रकला, निबंध व अन्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति-पत्र, मेडल एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने सभी विजेताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें समाज में नशामुक्ति अभियान के प्रेरक बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी नागरिकों, विद्यार्थियों व प्रतिभागियों से नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया।
