मुंबई, 31 जुलाई (वार्ता) गैर-बैकिंग वित्तीय कंपनी बजाज फिनसर्व को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में समेकित आधार पर 6,297 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ जो सालाना आधार पर 18 प्रतिशत अधिक है। कंपनी के निदेशक मंडल की शुक्रवार को हुई बैठक में वित्तीय परिणामों की घोषणा की गयी। पहली तिमाही में कंपनी की समेकित आय 19 प्रतिशत बढ़कर 42,037 करोड़ रुपये हो गयी।
कंपनी ने बताया कि जीवन बीमा कारोबार से उसकी आमदनी सालाना 35 प्रतिशत बढ़कर 7,399 करोड़ रुपये हो गयी।
वहीं, साधारण बीमा से प्राप्त आय 11.3 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 5,789 करोड़ रुपये रही। बीमा कारोबार से प्राप्त कुल आय 19,208 करोड़ रुपये रही। वहीं, रिटेल फाइनेंसिंग से प्राप्त कुल आय 23,166 करोड़ रुपये रही। यह एक साल पहले के मुकाबले तकरीबन 20 प्रतिशत अधिक है। बीमा कारोबार से कर पूर्व लाभ 1,109 करोड़ रुपये और रिटेल फाइनेंसिंग से 8,115 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। तिमाही के दौरान कंपनी के पास प्रबंधनाधीन औसत परिसंपत्ति बढ़कर 33,027 करोड़ रुपये हो गयी।

