मुंबई, 08 अगस्त (वार्ता) देश की अग्रणी वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स का समेकित मुनाफा चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 62.19 प्रतिशत घटकर 4,003 करोड़ रुपये रह गया।
पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 10,587 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी ने शुक्रवार को जारी पहली तिमाही के परिणाम में बताया कि इस दौरान परिचालन से प्राप्त आय भी 2.47 फीसदी कम होकर 1,05,926 करोड़ रुपये रह गयी। पिछले साल की समान तिमाही में यह आँकड़ा 1,08,612 करोड़ रुपये रहा था।
टाटा मोटर्स ने बताया कि तिमाही के दौरान उसके सभी कारोबारों में संख्या के लिहाज से वाहनों की बिक्री प्रभावित हुई है जिसका असर वित्तीय परिणामों पर पड़ा है। जगुआर लैंड रोवर की आय रुपये में 2.5 प्रतिशत और ब्रिटिश पाउंड में 9.2 प्रतिशत घट गयी। टाटा मोटर्स के वाणिज्यिक वाहनों की आय में 4.7 प्रतिशत और यात्री वाहनों की आय में 8.2 प्रतिशत की गिरावट आयी है। यात्री वाहनों के कारोबार में 129 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। कंपनी ने कहा कि माँग के मोर्चे पर निकट भविष्य में भी स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी रहने की संभावना है।
टाटा मोटर्स के समूह के मुख्य वित्तीय अधिकारी पी.बी. बालाजी ने कहा कि कड़ी चुनौतियों को बावजूद पहली तिमाही में कंपनी ने मुनाफा कमाया है। आयात शुल्क पर स्पष्टता और त्योहारी माँग आने से प्रदर्शन में सुधार की उम्मीद है।
कंपनी ने बताया कि चुनौतीपूर्ण वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों के बीच जगुआर लैंड रोवर ने लगातार 11वीं तिमाही में मुनाफा कमाया है। अच्छे मानसून और रेपो दरों में इस साल की गयी कटौती के कारण आने वाले समय में टाटा मोटर्स को वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।
यात्री वाहनों की बिक्री में पहली तिमाही के अंत में कुछ अच्छी खबरें आयी हैं। टियेगो और अल्ट्रोज की बुकिंग जून में 22 प्रतिशत बढ़ी। हैरियर.ईवी को बाजार में उतारने के बाद उसे अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। जुलाई में ईवी की रिकॉर्ड मासिक बिक्री हुई।
