टीकमगढ़ और ललितपुर में नई वंदे भारत ट्रेन की मांग तेज, केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा

टीकमगढ़: बुंदेलखंड क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रेल मंत्री ने खजुराहो से बनारस तक नई वंदे भारत ट्रेन शुरू करने की घोषणा की है और इसकी समय सारणी भी जारी कर दी गई है। हालांकि, टीकमगढ़ के निवासियों ने इस ट्रेन का संचालन खजुराहो के बजाय ललितपुर से शुरू करने की मांग की है। उनका मानना है कि इससे बुंदेलखंड के तीन जिलों ललितपुर (उत्तर प्रदेश), टीकमगढ़ और छतरपुर (मध्य प्रदेश) के लाखों लोगों को लाभ मिलेगा।

टीकमगढ़ के गुड मॉर्निंग ग्रुप के सदस्यों ने यह मांग उठाई और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नाम ज्ञापन टीकमगढ़ सांसद एवं केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार को सौंपा जाएगा। वर्तमान में खजुराहो से चित्रकूट और प्रयागराज होते हुए बनारस तक चलने वाली यह ट्रेन तेज, सुरक्षित और आधुनिक यात्रा का अनुभव देगी और खजुराहो तथा काशी जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को सीधा रेल संपर्क प्रदान करेगी।

समाजसेवी जीपी यादव ने कहा कि वर्तमान मार्ग से टीकमगढ़ और छतरपुर के लोग सेवा का लाभ नहीं ले पाएंगे, क्योंकि टीकमगढ़ से खजुराहो की दूरी 160 किलोमीटर है। पूर्व सांसद प्रतिनिधि सुरेश दौंदेरिया ने बताया कि ट्रेन का संचालन ललितपुर से शुरू होने से बड़ी संख्या में लोगों के लिए चित्रकूट, प्रयागराज और बनारस का सफर आसान हो जाएगा।
रेल मंत्रालय की समय सारणी के अनुसार, ट्रेन खजुराहो से दोपहर 3.20 बजे रवाना होकर महोबा-बांदा होते हुए शाम 6.13 बजे चित्रकूट धाम पहुंचेगी और रात 11 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन वाराणसी से सुबह 5.25 बजे खजुराहो के लिए रवाना होगी और दोपहर 1.10 बजे खजुराहो पहुंचेगी। स्थानीय लोगों की मांग है कि ट्रेन ललितपुर से दोपहर 12 बजे शुरू हो ताकि टीकमगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के लोग भी इस महत्वपूर्ण रेल सेवा का लाभ उठा सकें।

Next Post

पूर्व विधायक चौधरी मुकेश चतुर्वेदी को एयर एम्बुलेंस से दिल्ली ले जाया गया

Sun Oct 26 , 2025
ग्वालियर। मेहगांव विधानसभा सीट से पूर्व विधायक व वरिष्ठ भाजपा नेता चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी का स्वास्थ गंभीर रूप से खराब होने के बाद एयर एम्बुलेंस से उन्हें आज रविवार दोपहर दिल्ली ले जाया गया है। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like