मुलताई: थाना क्षेत्र के ग्राम बिसनुर में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने मुख्य मार्ग पर स्थित तीन दुकानों के शटर के ताले तोड़ दिए। इनमें से दो दुकानों में चोरी की वारदात हुई। चोरों ने कृष्णम ज्वैलर्स, साहू कम्युनिकेशन मोबाइल शॉप और पुष्पराज बेकरी एंड किराना दुकान को निशाना बनाया।कृष्णा सोनी ने बताया कि उनकी दुकान से करीब चार हजार रुपये मूल्य की चांदी की मोड़ और कुछ नकदी चोरी हुई, जबकि चोरों ने सीसीटीवी कैमरे तोड़कर दुकान का सामान बिखेर दिया।
उन्होंने तिजोरी तोड़ने की भी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। वहीं दुकानदार अनिल गव्हाडे ने बताया कि चोरों ने उनकी दुकान से करीब 8 से 10 हजार रुपये नकद चुरा लिए और दुकान का सारा सामान अस्त-व्यस्त कर दिया।मोबाइल दुकान का ताला भी तोड़ा गया, लेकिन चोर अंदर नहीं घुस पाए। दुकानदारों ने मासोद चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए जांच की मांग की है।
उन्होंने बताया कि चोरी के समय ग्राम में बिजली बंद थी, जिसके कारण सीसीटीवी फुटेज स्पष्ट नहीं आ पा रहा है।मासोद चौकी प्रभारी आर.एस. राजपूत ने बताया कि बिसनुर की तीन दुकानों के ताले टूटे हैं, जिनमें से दो में चोरी हुई है। मामले की जांच जारी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। किराना दुकान के फुटेज में दो चोर दिखाई दे रहे हैं, लेकिन बिजली गुल रहने से उनकी पहचान स्पष्ट नहीं हो पा रही है।
