
सिंगरौली। थाना सरई पुलिस ने चोरी के लोहे का सामान पिकअप वाहन में लोड कर परिवहन करते पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए वाहन क्रमांक एमपी 66 जी 2248 को जप्त किया है। वाहन चालक जितेंद्र कुमार गुप्ता पिता कन्हैयालाल गुप्ता उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम रेलवे स्टेशन रोड सरई को पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार 4 सितंबर को कस्बा एवं इलाका गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त पिकअप में चोरी का सामान लोड कर रेलवे स्टेशन रोड सरई से कस्बे की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाह रामनरेश जायसवाल एवं प्रमोद गुप्ता के साथ रेलवे तिराहा सरई पहुंचकर पिकअप को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में लोहे का पुराना सामान मिला। चालक से सामान एवं वाहन के दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह मौके पर कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। चोरी का संदेह होने पर पिकअप एवं सामान जप्त कर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया तथा न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
जप्त सामग्री में छड़, एंगल, सरिया, वाहन के मशीनरी पार्ट, लोहे के खंभे आदि शामिल हैं। वाहन सहित जप्त सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपये है। मामले में धारा 106(1)बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी जितेंद्र कुमार गुप्ता के विरुद्ध थाना सरई में पूर्व में भी अपराध के तहत धारा 379, 34 भादवि एवं धारा 379, 34 भादवि के मामले दर्ज हैं। उक्त कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद सिंह मर्सकोले के नेतृत्व में हुई, जिसमें सउनि बबन सिंह, प्रआर लक्ष्मीकांत साहू, आर अनुराग मिश्रा, महेश गुर्जर एवं आर मयंक हिरवाने की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
