घर में महिला की गला दबाकर हत्या बंधे मिले हाथ-पैर, मुंह में कपड़ा ठूंसा, प्रेम प्रसंग एंगल पर जांच

इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र के नंदबाग इलाके में शुक्रवार सुबह एक महिला की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। महिला का शव उसके घर के कमरे में संदिग्ध हालात में मिला, जिसके हाथ-पैर बंधे हुए थे और मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। प्रारंभिक जांच में पुलिस गला दबाकर हत्या की आशंका जता रही है।

पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान गायत्री (35) पति सुनील कुर्मी के रूप में हुई है। वह पति से अलग रहकर नंदबाग इलाके में किराए के मकान में रहती थी और सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करती थी। रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे उसे टीसीएस में ड्यूटी पर पहुंचना था, लेकिन जब वह तय समय पर नहीं पहुंची तो उसके ड्यूटी इंचार्ज बद्रीलाल उसके घर पहुंचे। दरवाजा खुलने पर कमरे के भीतर महिला का शव पड़ा मिला, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही बाणगंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। कमरे से महिला का टिफिन भी बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि गायत्री मूल रूप से छिंदवाड़ा की रहने वाली थी और उसकी कोई संतान नहीं है। आसपास के लोगों ने बताया कि महिला अकेली रहती थी और पति के बारे में ज्यादा जानकारी किसी को नहीं थी।

पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। वहीं, हत्या के पीछे प्रेम संबंध की आशंका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। महिला के साथ काम करने वाले एक सहकर्मी से पूछताछ की गई है, जिसे फिलहाल संदिग्ध माना जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Next Post

अस्पताल और चकरा तिराहे होंगे चौड़े, ट्रैफिक व हादसों पर लगाम की तैयारी

Fri Jan 23 , 2026
टीकमगढ़। शहर के अस्पताल तिराहा और चकरा तिराहे पर लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक दबाव और सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाने की तैयारी कर ली है। गुरुवार को एसडीएम संस्कृति-मुदित लिटौरिया के नेतृत्व में प्रशासनिक अमले ने दोनों तिराहों का निरीक्षण कर सड़क चौड़ीकरण की […]

You May Like