
छिंदवाड़ा। साबले बाड़ी में काम करने के दौरान एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। वही दूसरे युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है। घटना सोमवार शाम की है। गौरतलब है कि देवेंद्र पिता शिवराम वर्मा उम्र 24 साल मोहननगर और संदीप पिता सोहनलाल इवनाती उम्र 28 साल दोनों साबले बाड़ी में सीवर लाइन के चैम्बर का काम कर रहे थे। काम करने के बाद चैम्बर से लोहे की सीढ़ी निकाल रहे थे। इस दौरान सीढ़ी ऊपर से निकली बिजली लाइन में टच हो गई। इस हादसे में देवेंद्र ने दम तोड़ दिया। वही उसका साथी सोहनलाल गंभीर रूप से झुलस गया था। मौके पर मौजूद रहवासियों की सूचना पर पहुंची 108 से दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां सोहनलाल को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। उसकी हालत खतरे के बाहर बताई जा रही है। वही मृतक की पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। इस मामले में कोतवाली टीआई उमेश गोहलानी ने बताया कि इस मामले में सभी पहलुओं में जांच की जा रही है।
