ग्‍वालियर में द्वितीय सम्राट तानसेन ओपन रैपिड चेस टूर्नामेंट का आयोजन

ग्‍वालियर। ऑल ग्वालियर चेस एसोसिएशन के तत्वावधान श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल, आनंद नगर ग्वालियर में द्वितीय सम्राट तानसेन ओपन रैपिड चेस टूर्नामेंट 2025 का आयोजन किया गया। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों एवं श्रेणियों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबले देखने को मिले, जिनमें नवोदित खिलाड़ियों से लेकर अनुभवी प्रतिभागियों तक ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा, एकाग्रता और रणनीतिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल उपस्थित रहे। उन्‍होंने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया तथा सभी खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में स्‍कूल की प्राचार्य श्रीमती सिय्याद्रि निशा उपस्थित रहीं।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि बौद्धिक खेल जैसे शतरंज न केवल बच्चों में एकाग्रता, अनुशासन और तर्कशक्ति का विकास करते हैं, बल्कि यह उन्हें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में संतुलित निर्णय लेने की क्षमता भी प्रदान करते हैं। इस खेल की सबसे बड़ी खूबसूरती यह है कि इसमें कम उम्र के खिलाड़ी भी अनुभवी खिलाड़ियों के साथ एक ही मंच पर बैठकर मुकाबला कर सकते हैं, और अपनी प्रतिभा, एकाग्रता तथा रणनीतिक सोच से सबको प्रभावित कर सकते हैं। यही शतरंज की वास्तविक शक्ति और सुंदरता है। उन्‍होंने कहा कि “खेल जीवन का अभिन्न अंग हैं। यह केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना का पाठ पढ़ाते हैं। शतरंज जैसे बौद्धिक खेल बच्चों में तर्कशक्ति, निर्णय क्षमता और मानसिक संतुलन का विकास करते हैं, जबकि शारीरिक खेल उन्हें स्फूर्ति, ऊर्जा और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना प्रदान करते हैं। आज के युग में जब बच्चे मोबाइल और स्क्रीन की दुनिया में सिमटते जा रहे हैं, ऐसे आयोजनों से उनमें एकाग्रता, आत्मनियंत्रण और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। विद्यालयों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है, क्योंकि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव रख सकते हैं। प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री अग्रवाल ने आयोजन समिति, विद्यालय प्रबंधन, कोचेज़, स्वयंसेवक एवं सभी सहयोगियों को इस उत्कृष्ट आयोजन के लिए हृदय से साधुवाद दिया और कहा कि ऐसे प्रयास खेल संस्कृति को मजबूती प्रदान करते हैं तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं।

इस अवसर पर आयोजन समिति की डॉ. गरिमा गर्ग, इं. रूचि मित्तल, हिमांशु वासुदेव, अनिल गर्ग, गौरांग गोयल, गब्बर सहित अन्‍य पदाधिकारी उपस्थित रहे। विजेता प्रतिभागियों को 50,000 के कुल नकद पुरस्कार दिए गए। अंडर-12 वर्ग में आर्या अग्रवाल एवं ओपन कैटेगरी में गिर्राज पाठक प्रथम स्‍थान पर रहे।

Next Post

गोल्फ के संग सौहार्द, संस्कृति और देशभक्ति का संगम

Mon Nov 10 , 2025
जबलपुर। सुबह की हल्की धूप और सजे-संवरे ऐप्टा गोल्फ कोर्स पर आज कुछ अलग ही नज़ारा था। भारत गोल्फ महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही जबलपुर की धरती पर खेल, अनुशासन और देशभक्ति का संगम देखने को मिला। गोल्फ फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा मध्य भारत एरिया मुख्यालय के तत्वावधान में […]

You May Like