
भोपाल। हबीबगंज पुलिस ने छह वर्ष से फरार स्थाई वारंटी पवन सिंह राजपूत को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आगामी त्यौहारों और नववर्ष के मद्देनज़र असामाजिक तत्वों पर निगरानी और वारंट तामिली के निर्देशों के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त जोन-1 आशुतोष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रश्मि अग्रवाल दुबे और एसीपी उमेश कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजीव चौकसे की टीम ने यह गिरफ्तारी की। मुखबिर से मिली सूचना पर ईश्वर नगर मीरा मंदिर हबीबगंज क्षेत्र से आरोपी को दबोचा गया। आरोपी आरटी क्रमांक 12055/13 व अपराध क्रमांक 300/2013 धारा 294, 323, 506, 34 आईपीसी के तहत स्थाई वारंट में वांछित था और पिछले छह वर्षों से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया।
