निगमायक्त ने अधिकारियों को दिए निर्देश
इंदौर: शहर में रंगपंचमी पर निकलने वाली गेर मार्ग एवं मध्य क्षेत्र के रास्तों को लेकर आयुक्त ने समीक्षा बैठक ली. बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेर मार्ग और मध्य क्षेत्र की सभी सड़कों पर रिपेयर और अन्य कार्य पूर्ण कर लें. त्योहारों पर किसी तरह से कोई अप्रिय घटना निगम कार्यों के कारण नहीं होना चाहिए.
आज स्मार्ट सिटी सभागृह में आयुक्त शिवम वर्मा ने रंगपंचमी त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए शहर के मध्य क्षेत्र एवं गैर मार्ग में आने वाली सीवरेज लाइन, वाटर सप्लाई लाइन, स्टॉर्म वाटर लाइन, रोड की मरम्मत का कार्य आगामी 3 दिवस में अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए.
उन्होंने अधिकारियों को कहा कि गैर के दौरान आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसका विशेष रूप से ध्यान रखा जाए. कहीं कोई खुला चैंबर हो तो उसे बंद कर दें. यूटिलिटी लाइन यदि बाहर हो तो उसे अंदर करने का कार्य पूर्ण कर लें. सड़क मरम्मत करने की आवश्यकता हो तो मरम्मत कर दें. कोई खतरनाक मकान हो तो उससे दूर रहने का सूचना फ्लेक्स बोर्ड लगा दें. बैठक में स्मार्ट सिटी के अधिकारी, इंजीनियर, पीएचई के अधिकारी कंसलटेंट व एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे.
