इंदौर: भंवरकुआं थाना क्षेत्र में एक व्यवसायी के साथ बड़ी धोखाधड़ी हुई है. आरोपी ने खुद की कंपनी में निवेश और व्यवसायिक सेवाओं के नाम पर लाखों रुपये का अनुबंध किया, लेकिन काम पूरा होने के बाद न केवल भुगतान करने से मुकर गया, बल्कि अपना ठिकाना बदलकर फरार हो गया. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है.
फरियादी परीक्षित पिता रमेश पारसे, निवासी इन्द्रपुरी कॉलोनी, ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि आरोपी समीर अग्रवाल ने उनके साथ एक अनुबंध किया था. इस अनुबंध के तहत समीर ने उनसे विभिन्न सेवाएं प्राप्त कीं. काम के बदले में उसे 8,67,300 रुपये का भुगतान करना था, लेकिन आरोपी ने यह राशि नहीं दी.परीक्षित ने जब आरोपी को उसके द्वारा दिए गए सभी पतों पर तलाशा, तो पता चला कि वह वहां से गायब है. इसी बीच उन्हें यह भी पता चला कि समीर अग्रवाल ने उनके अलावा कई अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है. आरोपी ने परीक्षित की कंपनियों में निवेश के नाम पर उनसे 6,25,000 रुपये की राशि भी ली थी, जिसे वह डकार गया और अब फरार है.
