
तेंदूखेड़ा/दमोह। जबेरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक व मध्यप्रदेश शासन में मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी की संकल्प कांवड़ यात्रा का द्वितीय दिवस जबेरा विधानसभा के तेंदूखेड़ा पहुंचा। पंचवटी, भेड़ाघाट से प्रारंभ हुई इस कांवड़ यात्रा के विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश पर जगह-जगह श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने कांवड़ियों का पुष्पवर्षा व भव्य स्वागत किया।121 किलोमीटर के इस यात्रा हजारों कांवड़ियों के साथ प्रारंभ हुई यह यात्रा पांच दिनों में देव श्री जागेश्वर धाम, बांदकपुर पहुंचेगी। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि उनके अनुज सत्येंद्र सिंह लोधी कंधे से कंधा मिलाकर निरंतर पांच दिनों तक इस यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ी है। यात्रा के माध्यम से शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, गौ संरक्षण और नशामुक्ति जैसे पांच प्रमुख उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।यात्रा के दौरान मार्ग में पड़ने वाले विद्यालयों में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार वितरित किए जा रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ वृक्षारोपण किया जा रहा है। स्वच्छता के लिए एक टीम यात्रा के पीछे निरंतर चल रही है, जो मार्ग में स्वच्छता का संदेश दे रही है। वहीं नशामुक्ति को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है तथा मार्ग में आने वाली गौशालाओं में गौसेवा भी की जा रही है।धार्मिक आस्था और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ आगे बढ़ रही इस कांवड़ यात्रा का जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा उत्साहपूर्वक स्वागत किया जा रहा है।
