मोदी शनिवार को सेशेल्स की तीन दिन की यात्रा पर जायेंगे

नयी दिल्ली 25 जून (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को तीन दिन की यात्रा पर सेशेल्स जायेंगे और सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेंगे तथा राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि श्री मोदी सेशेल्स के राष्ट्रपति के निमंत्रण पर 27 से 29 जून तक वहां की राजकीय यात्रा पर जायेंगे।प्रधानमंत्री सम्मानित अतिथि के रूप में सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लेंगे। श्री मोदी ने इससे पहले 2015 में सेशेल्स की यात्रा की थी। भारतीय रक्षा बलों का एक दल, भारतीय नौसेना के दो जहाजों के साथ, इन समारोहों में भाग लेगा।

यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री राष्ट्रपति हर्मिनी के साथ वार्ता करेंगे, जिसमें द्विपक्षीय सहयोग के समस्त क्षेत्रों की समीक्षा की जायेगी तथा पारस्परिक रुचि के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान होगा। प्रधानमंत्री सेशेल्स की नेशनल असेंबली को भी संबोधित करेंगे और भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों से संवाद करेंगे।

भारत और सेशेल्स के बीच साझा ऐतिहासिक, सांस्कृतिक तथा जन-से-जन संबंधों पर आधारित एक दीर्घकालिक साझेदारी है। हिन्द महासागर क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी के रूप में, सेशेल्स भारत की महासागर दृष्टि (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास हेतु पारस्परिक एवं समग्र उन्नति) तथा वैश्विक दक्षिण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता में एक विशेष स्थान रखता है।

यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच मजबूत एवं स्थायी मित्रता की पुनर्पुष्टि करेगी तथा दोनों देशों की सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और सुदृढ़ करने की साझा प्रतिबद्धता को मजबूत बनायेगी।

Next Post

साई सुदर्शन का शतक, भारत ए ने बनाये 333/4

Thu Jun 25 , 2026
गॉल, 25 जून (वार्ता) सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन (132) के शानदार शतक की बदौलत भारत ए ने श्रीलंका ए के खिलाफ गैर आधिकारिक टेस्ट के पहले दिन गुरूवार को चार विकेट पर 333 रन का विशाल स्कोर बना लिया। भारत ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। […]

You May Like