
शाजापुर।राजगढ़ जिले के पचोर से शाजापुर जिला अस्पताल लाए गए एक युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. दरअसल युवक को पेमेंट मांगने पर चाकू मारा गया था, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था. मृतक के भाई ने बताया कि युवक ने पचोर के माजिद खां के यहां पुताई का काम किया था. जब उसने अपने काम का पेमेंट मांगा तो माजिद और उसके पिता ने जेडी मार्केट में उस पर चाकू से हमला कर दिया. घायल युवक को पहले पचोर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे शाजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. जिला अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर ने पुष्टि की कि फारुक नामक युवक को पचोर से गंभीर अवस्था में लाया गया था, जिसकी रास्ते में ही मौत हो चुकी थी. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
