
शाजापुर। बोमा पद्धति से कृष्णमृगों को खेतों से पकडऩे का अभियान सफल हो रहा है, दरअसल, अब तक दक्षिण अफ्रीका की कंजर्वेशन सॉल्यूशंस की टीम एवं वन विभाग की टीम द्वारा 148 हिरणों को पकडऩे में सफलता प्राप्त की है. जिसमें गुरूवार को पकड़े गए 69 कृष्ण मृग शामिल हैं.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के पालन में पश्चिमी मध्य प्रदेश के राजस्व क्षेत्र में कृष्ण मृग एवं रोजडों के खेतों को नुकसान पहुंचाने की समस्या के निदान के लिए दक्षिण अफ्रीका की कंजर्वेशन सॉल्यूशंस की टीम एवं वन विभाग की टीम द्वारा हेलीकॉप्टर और बोमा से कृष्णमृगों को पकडऩे का अभियान शुरु किया गया है. वनमंडलाधिकारी देवास एवं अभियान प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पटेल ने बताया कि गुरूवार को शाजापुर जिले के कालापीपल तहसील के लसूडिय़ा घाघ एवं निपनिया खुर्द में बोमा लगाया गया. लसूडिय़ा कला, निपनिया खुर्द, बदरपुर, पोचनेर गांव से 69 कृष्णमृगों को किसानों के खेतों से पकडक़र गांधीसागर वन्यजीव अभयारण्य के जंगल में छोड़ा गया.
फसल नुकसानी में आएगी कमी
इस अभियान के तहत अब तक 148 कृष्णमृगों को पकडक़र अन्यत्र वन क्षेत्र में छोड़ा गया. इससे किसानों को होने वाले फसल नुकसान में कमी आएगी. इस तरह का देश में ये प्रथम अभियान है।.यह अभियान अगले 05 नवम्बर तक शाजापुर जिले में चलाया जाएगा. उल्लेखनीय है कि किसान लंबे समय से वन्य प्राणियों द्वारा उनकी फसलों को नुकसान पहुंचाए जाने की शिकायतें करते आ रहे थे. वर्तमान में जो अभियान चल रहा है, इससे फसल नुकसानी के मामलों में कमी आएगी.
जिले के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी चलाया जाएगा अभियान
इस अभियान में मुख्य वन संरक्षक उज्जैन एमआर बघेल द्वारा बोमा क्षेत्र में उपस्थित रहकर कृष्णमृगों को पकडऩे की कार्यवाही का निगरानी एवं पर्यवेक्षण किया. आज की कार्यवाही में शाजापुर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने पूर्ण सहयोग दिया. इसके साथ ही आसपास के ग्रामवासियों से अपील की गई हैं कि आने वाले दिनों की कार्यवाही के दौरान खेतों में जब हेलिकॉप्टर द्वारा हांका लगाया जा रहा है तो कृष्णमृगों के पीछे ना भागे. साथ ही साथ ग्रामवासियों से निवेदन है की जब अभियान चल रहा है तो आसपास के रास्तों में गाडिय़ों में ना घूमे. आने वाले दिनों में यह अभियान शाजापुर जिले के अन्य विधानसभा क्षेत्रों में चलाया जाएगा. साथ ही साथ नीलगायों को भी पकडक़र अन्य वन क्षेत्रों में छोड़ा जाएगा.
