सतना : पिछले काफी समय से लगभग समाप्त हो चुकी जहरखुरानी की घटना एक बार फिर सामने आ गई. लड्डू में नशीला पदार्थ मिलाकर आटो चालक को खिला दिया और उसके बेहोश होते ही आटो सहित चालक की जेब में रखी नकदी और मोबाइल को लूट लिया गया. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर निवासी और पेशे से आटो चालक शोभनाथ साहू सवारियों को ढोने के साथ ही बुक करके लोगों को जहां तहां पहुंचाने का काम करते हैं. इसी कड़ी में 6 अप्रैल की सुबह उनसे एक व्यक्ति ने संपर्क किया. उक्त व्यक्ति ने स्वयं का परिचय किसी खान के नाम से बताते हुए रामपुर नैकिन से मुकंदपुर दरगाह तक आटो बुक करने की बात कही.
बातचीत आगे बढ़ी तो 900 रु में सौदा पक्का हो गया. इसी दौरान उक्त व्यक्ति ने आटो चालक शोभनाथ को यह भी बताया कि उसके कुछ रिश्तेदार मैहर से आ रहे हैं. जिन्हें लेकर वापस रामनुर नैकिन लौटना भी है. बातचीत तय होने पर आटो चालक उक्त व्यक्ति को बैठाकर मुकुंदपुर के लिए रवाना हो गया. बताया गया मुकुंदपुर दरगाह पहुंचने पर उक्त व्यक्ति अंदर की ओर चला गया. कुछ देर बाद ही वह वापस लौटा और प्रसाद के तौर पर एक लड्डू खाने के लिए दिया. लेकिन वह लड्डू खाने के कुछ देर बाद ही आटो चालक को मूर्छा छाने लगी और उसे कोई सुध नहीं रही.
अगले दिन आया होश
बताया गया कि उक्त व्यक्ति द्वारा नशीला लड्डू खिलाकर आटो चालक को बेहोश कर दिया गया. जिसके बाद किसी सुनसान स्थान पर ले जाकर आटो चालक की जेब में रखी 6 हजार रु की नकदी और मोबाइल निकाल लिया गया. इतना ही नहीं बल्कि आटो चालक को सुनसान स्थान पर छोडऩे के बाद उसका आटो भी लेकर उक्त व्यक्ति चंपत हो गया. रात भर बेहोशी की हालत में सडक़ किनारे पड़े रहने के बाद अगले दिन जब चालक को होश आया तब उसका सब कुछ लुट चुका था. किसी तरह हिम्मत जुटाकर वह मुकुंदपुर चौकी पहुंचा और आपबीती सुनाई. पुलिस द्वारा आटो चालक की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज करते हुए जांच शुरु कर दी गई. मुकुंदपुर दरगाह सहित आस पास के रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए आरोपी की पहचान करने का प्रयास पुलिस द्वारा किया जा रहा है.
