भोपाल। श्री 1008 भगवान महावीर दिगंबर जैन मंदिर साकेत नगर में मोक्ष कल्याणक महोत्सव पर मूलनायक भगवान महावीर का महामस्तकाभिषेक अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। दीपावली को जैन समाज भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण दिवस के रूप में मनाता है। इस अवसर पर बिना बोली निर्वाण लाड़ू चढ़ाने की परंपरा का पुनः अनुसरण किया गया। मंदिर अध्यक्ष नरेंद्र टोंग्या ने बताया कि देवेंद्र जैन नौहराकलां, सुनील जैन, नीरव जैन और अन्य समाजजनों को अभिषेक और शांतिधारा का सौभाग्य प्राप्त हुआ। ऑनलाइन माध्यम से पहले ही निर्वाण लाड़ू की सभी बोलियां निर्धारित कर ली गई थीं। सुबह 7:30 बजे भगवान को निर्वाण लाड़ू अर्पित किए गए। इस आयोजन में समाज के सभी वर्गों ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।
